Loading...
अभी-अभी:

ब्राह्मण बेटियों को ‘दान’ बताने पर भोपाल के IAS संतोष वर्मा पर बवाल, आंदोलन की चेतावनी

image

Nov 25, 2025

ब्राह्मण बेटियों को ‘दान’ बताने पर भोपाल के IAS संतोष वर्मा पर बवाल, आंदोलन की चेतावनी

भोपाल। मध्यप्रदेश अजाक्स (अम्बेडकर जागृति कर्मचारी संघ) के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष कुमार वर्मा का एक बयान विवादों में घिर गया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनके बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान में नहीं देता, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। इस टिप्पणी के वीडियो वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज ने इसे घोर अपमानजनक बताया है और कार्रवाई की मांग की है।

विवादित बयान कब और कहाँ दिया

23 नवंबर को भोपाल के तुलसी नगर स्थित अंबेडकर मैदान में अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में संतोष वर्मा ने अध्यक्ष पद संभालते ही यह बयान दिया। वीडियो सामने आने के बाद रविवार से विरोध शुरू हो गया।

ब्राह्मण समाज ने जताई कड़ी नाराजगी

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्र ने बयान को ब्राह्मण बेटियों का अपमान बताया और कहा कि यह अखिल भारतीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है। समाज ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

सरकारी योजनाओं से जोड़ा विरोध

ब्राह्मण संगठन ने कहा कि जब केंद्र व राज्य सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, लाड़ली बहना जैसी योजनाएं चला रही हैं, तब एक आईएएस अधिकारी का बेटियों को ‘दान’ की वस्तु बताना अस्वीकार्य है।

मंत्रालय संघ ने भी की कार्रवाई की मांग

मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ के अध्यक्ष इंजीनियर सुधीर नायक ने बयान को सवर्ण समाज का अपमान बताया और आईएएस आचरण नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुराना विवाद फिर चर्चा में

संतोष वर्मा पहले भी कोर्ट के फर्जी आदेश बनवाने और एक युवती से शादी का झांसा देने के आरोप में 2021 में गिरफ्तार हो चुके हैं। उस मामले में निलंबन के बाद बहाली हुई थी। अब नया विवाद उनके लिए नई मुश्किल खड़ी कर सकता है।

 

Report By:
Monika