Loading...
अभी-अभी:

अयोध्या में रामलला के मंदिर पर फहराई गई भगवा धर्म ध्वजा, PM मोदी ने किया ध्वजारोहण

image

Nov 25, 2025

अयोध्या में रामलला के मंदिर पर फहराई गई भगवा धर्म ध्वजा, PM मोदी ने किया ध्वजारोहण

अयोध्या, 25 नवंबर 2025: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के गगनचुंबी शिखर पर आज अभिजीत मुहूर्त में भव्य केसरिया धर्म ध्वजा फहराई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं बटन दबाकर 161 फीट ऊंचे शिखर पर 30 फीट लंबे ध्वजदंड पर ध्वजा आरोहित की। वैदिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के बीच पूरा रामनगरी उत्सव में डूब गई। यह ध्वजा कोविदार वृक्ष, सूर्यवंश चिह्न और पवित्र ‘ॐ’ से सुशोभित है।

ऐतिहासिक मुहूर्त का चयन

ध्वजारोहण के लिए दोपहर 12:10 से 12:30 बजे तक का अभिजीत मुहूर्त चुना गया। केवल चार मिनट के इस पवित्र क्षण में इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था के माध्यम से ध्वजा को शिखर पर फहराया गया। रिहर्सल में सेना के जवानों ने भी सहयोग किया था।

प्रधानमंत्री का रामलला दर्शन एवं पूजन

ध्वजारोहण से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने गर्भगृह में विराजमान रामलला के दर्शन किए। हाथ जोड़कर प्रभु राम को नमन किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उनके साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई संत-महंत उपस्थित रहे।

भव्य सजावट से जगमगाई रामनगरी

पूरी अयोध्या को फूलों के तोरणद्वार, दीपमालाओं और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया है। रामकी पैड़ी से मंदिर मार्ग तक लाखों श्रद्धालु एकत्र हुए। जगह-जगह जयकारों की गूंज और ढोल-नगाड़ों की थाप ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

ध्वजा का विशेष महत्व

यह केसरिया ध्वजा केवल प्रतीक नहीं, बल्कि सनातन धर्म की विजय और श्रीराम के आदर्शों की निरंतरता का संदेश है। शिखर पर लहराती यह ध्वजा विश्व भर के रामभक्तों के लिए आस्था का नया केंद्र बन गई है।

देश-विदेश से बधाई संदेशों का तांता

ध्वजारोहण के क्षण से ही सोशल मीडिया पर #RamMandirDhwaja ट्रेंड करने लगा। देश-विदेश के करोड़ों रामभक्तों ने इस पावन पल की बधाई दी और इसे सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताया।

Report By:
Monika