Dec 26, 2016
भोपाल। मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम अपने शबाब पर है। हालांकि रविवार को कई जगह रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा, पर दिन में गलन जैसी स्थिति बन गई। सोमवार सुबह भोपाल समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार रात से एमपी के अधिकतर हिस्सों में तापमान में गिरावट होगी और ठंड तेजी से बढ़ेगी। ये जनवरी में पडऩे वाली संभावित कड़ाके की ठंड की शुरुआत है। आइए जानते हैं और कहां-कैसा रहा मौसम...
भोपाल में गिरा तापमान
मौसम के मिजाज में रविवार सुबह अचानक परिवर्तन हुआ। हवा का रुख बदलने और रफ्तार बढऩे से दिन का तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह शनिवार (30.4) के मुकाबले 4.2 डिग्री नीचे लुढ़क गया था। इसके पूर्व 14-15 दिसंबर की दरमियानी रात का पारा भी चार डिग्री नीचे आया था। मौसम विज्ञानियों ने अभी दो-तीन दिन तक वातावरण इसी तरह बना रहने के आसार जताए हैं।
इसलिए गिरा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. अनुपम काश्यपि ने बताया कि सोमवार सुबह तक दक्षिण की तरफ से हवा चल रही है। साथ ही वातावरण में नमी बनी रहने से तापमान बढ़ रहे थे, लेकिन रविवार सुबह हवा का रुख बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो गया। उसमें उत्तरी हवा का दखल अधिक होने के साथ ही रफ्तार भी 10 से 15 किमी प्रति घंटा रही।








