Aug 19, 2022
Bhopal: राजधानी में आज धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। हालांकि इस वर्ष जन्माष्टमी का उत्साह मंदिरों और भक्तों सभी में पहले से ही देखने को मिल रहा है। कुछ मंदिरों में रासलीला भी की जा रही है। मंदिरों को सजाते वक्त कीर्तन भी किया जा रहा है। भगवान कृष्ण के जन्मदिन के लिए मंदिरों में तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। आपको बताते हैं कि भोपाल में जन्माष्टमी पर प्रमुख मंदिरों पर क्या कार्यक्रम होने वाले हैं? कहां-क्या तैयारियां हैं?...
भेल का इस्कॉन मंदिर
यहां महोत्सव की शुरुआत सुबह साढ़े चार बजे मंगल आरती से होगी। अगले दिन नंदोत्सव और इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्री प्रभुपाद का 125 वां आविर्भाव महोत्सव भी मनाया जाएगा। इस दिन भगवान को विशेष फ्लॉवर ड्रेस पहनाकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए नासिक, पुणे, मुंबई, इंदौर शहरों से फूल मंगवाए गए हैं। यही नहीं, इस्कॉन गर्ल्स फोरम की माताओं द्वारा भव्य 3डी रंगोली बनाई जाएगी। दिनभर ग्रंथों का वितरण किया जाएगा। 300 क्विंटल का फलाहारी प्रसाद वितरण सुबह 7 बजे से शुरू होगा, जो भगवान के प्रगटोत्सव तक चलेगा। मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। मंदिर में आकर्षक पुष्प सज्जा की जाएगी।
बिरला मंदिर
शाम 7:30 बजे बिरला मंदिर में भव्य आयोजन किया जाएगा। जहां प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा के साथी कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव होगा। रात 1 बजे प्रसाद वितरण होगा।
इस्कॉन में बनाये गये सेल्फी पॉइंट
भगवान कृष्ण पर आधारित वैदिक चित्रावली लगाई जाएगी। इसमें भगवान के जन्म से शुरू होकर कई लीलाएं दिखाई जाएंगी। यह चित्रावली आकर्षण का केंद्र हैं। इसमें कालिया मर्दन, पूतना वध, कंस वध, द्वारिका लीलाओं समेत कई कथाएं चित्रों से प्रदर्शित की जाएंगी। मंदिर परिसर में विभिन्न स्थानों पर सेल्फी जोन होंगे, ताकि लोग जन्माष्टमी को यादगार बना सकें।
भगवान को लगेगा हजार व्यंजनों का भोग
इस बार भक्तों ने तय किया है कि वे भगवान को एक हजार व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। पिछले साल 500 से ज्यादा व्यंजनों का भोग लगाया गया था। गृहस्थ भक्तों द्वारा घर से विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए जाएंगे। इसमें कई प्रकार पेय भी शामिल होंगे।








