Loading...
अभी-अभी:

कटनी नागपुर हाईवे पर वाहन चालकों से लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

image

Oct 4, 2019

अरविंद दुबे : जबलपुर से गुजरने वाले कटनी नागपुर हाईवे पर वाहन चालकों के साथ लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से बड़ी तादाद में लूट का सामान और हथियार बरामद किये गए हैं साथ ही लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए उपयोग में लायी जाने वाली बाईक भी जब्त की गयी है। पिछले कई दिनों से हाइवे पर लूट की वारदातों की शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थी इन वारदातों को रोकने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग ने अपनी गश्त बढ़ा दी थी।

पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार
बता दें कि पुलिस ने जब इन वारदातों को अंजाम देने वालों की पतासाजी की तब पुलिस ने मोती केवट,साहिल केवट और राज केवट को गिरफ्तार किया। पुलिस के द्वारा की गयी पूछताछ में पकडे गए आरोपियों ने हाईवे पर लूट की अनेक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया साथ ही हाईवे के नजदीकी गांवो में चोरी की कई वारदातों की जानकारी भी दी है।पुलिस ने आरोपियों से लूट और चोरी किया गया कीमती सामान और हथियार बरामद किये हैं।

गिरोह में एक दर्जन से ज्यादा बदमाश जुड़े..
जबलपुर एसपी अमित सिंह ने बताया कि पकडे गए आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा बदमाश जुड़े हुए हैं। इस गिरोह के सदस्य कटनी से नागपुर जाने वाले हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। गिरोह के सदस्य आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इन पर कई मामले जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पतासाजी कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी ने बताया कि अभी जबलपुर से गुजरने वाले सभी हाईवे पर हाईवे पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है।