Loading...
अभी-अभी:

इंदौरः रहवासी इलाके में तेंदुए के आने से मचा हड़कंप, रेस्क्यू कर किया कैद

image

Mar 9, 2018

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब थाना क्षेत्र के पल्हर नगर के रहवासी इलाके में एक आदम खोर तेंदुआ घुस आया। तेंदुए के आने की सूचना रहवासियों ने सबसे पहले एरोड्रम पुलिस को दी, जिसके बाद एरोड्रम पुलिस ने वन विभाग और नगर निगम को सूचना दी। तकरीबन एक से डेढ़ घंटे तक रेस्क्यु ऑपरेशन कर आदम खोर तेंदुए को पकड़ा गया। 

सबसे पहले मजदूरों ने दी सूचना...

बताया जा रहा है कि तेंदुआ देर रात कॉलोनी में आया और आकर निमार्णधीन बिल्डिंग में छुप कर बैठ गया। जब सुबह बिल्डिंग का काम करने के लिए मजदूर आये तो उन्हें गेट के वहां किसी जानवर के बैठे होने का अहसास हुआ, लेकिन जब पास जाकर मजदूरों ने देखा तो तेंदुआ नजर आया।  तेंदुए के आने की सूचना मजदूरों ने सबसे पहले रहवासियों को दी और रहवासियों ने ही इसकी सूचना एरोड्रम पुलिस को दी।

तीन लोगों पर किया हमला...

एरोड्रम पुलिस ने मौके पर जाकर तफ्तीश की और फिर इसकी सूचना वन विभाग के साथ ही  नगर निगम को दी। वन विभाग और नगर की टीम ने  तेंदुए को पकड़ने के लिए एक से डेढ़ घंटे काफी संघर्ष किया, और इस दौरान कई बार तेंदुए ने वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ ही अन्य लोगों पर हमला किया। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने तकरीबन इस दौरान तीन लोगों को हमला कर घायल कर दिया।

ऐसे पकड़ा तेंदुए को...

तेंदुए के हमले में वन विभाग के डीएफओ आरके सक्सेना  भी घायल हुए, लेकिन वन विभाग और नगर निगम की टीम ने एयर गन में  बेहोशी के इंजेक्शन भर कर उसे लगाए। तकरीबन  पांच से अधिक फायर गन से तेंदुए को बेहोश करने का प्रयास  किया, उसके बाद चौथे फायर गन में तेंदुआ बेहोश हुआ। बेहोश होने के तकरीबन आधे घंटे बाद वन विभाग की टीम तेंदुए के पास पहुंची। नगर निगम की टीम ने जाल  डालकर उसे पकड़कर पिंजरे में कैद कर चिड़ियाघर में छोड़ दिया।

जिसने सबसे पहले तेंदुए को  देखा था, उनका कहना है कि जब वह सुबह  बिल्डिंग में जा रहे थे तभी गेट के वहां पर तेंदुआ बैठा  दिखाई  दिया, जिसके बाद इसकी सूचना उस व्यक्ति ने रहवासियों को दी और फिर एरोड्रम  पुलिस के साथ ही वन  विभाग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जब  तेंदुआ रहवासियों को दिखाई दिया तो रहवासियों ने खुद को घरों में कैद कर दिया।

वहीं कुछ लोग तेंदुए की एक झलक देखने के लिए पेड़ से लेकर छत तक चढ़कर बैठ गए थे,  वहीं कुछ रहवासियों ने  वहां पर हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया जिसके बाद  पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। जिस जगह पर तेंदुआ आया वह जगह पूरी तरह से  रहवासी इलाका है, उसके बाद तेंदुआ इस जगह पर कैसे आ गया वो जांच का विषय है।