Loading...
अभी-अभी:

राहुल गांधी के लिए क्या सच्चाई बयां कर गए भोपाल में अमित शाह

image

May 4, 2018

भोपाल। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने साल 2018 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को 'कारपोरेट बनाम किसान' का चुनाव बताते हुए कहा, 'ये :राहुल गांधी: जीत का सपना भला कैसे देख सकते हैं, क्योंकि वह यदि दूरबीन लगाकर भी देखें तो दूर—दूर तक उन्हें देश में कहीं जीत दिखाई नहीं देगी'। 

शाह ने आज यहां प्रदेश भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए लगभग छह हजार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। साथ ही कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होने कहा कि राहुल मध्यप्रदेश में जीत का सपना कैसे देख सकते हैं, दूरबीन लगाएंगे तो भी उन्हें ये नजर नहीं आएगी। शाह ने खुलकर शिवराज सिंह सरकार के कामकाज की तारीफ की। इससे पहले कुछ शिवसैनिकों ने अमित शाह के दौरे का विरोध करते हुए उन्हें काले झंडे भी दिखाए।

अमित शाह ने कहा, 'मध्यप्रदेश देश का दिल है, यहां भगवान महाकाल स्वयं विराजमान हैं। ऐसी धरती भाजपा के लिए पूज्यनीय है। इस प्रदेश में कांग्रेस के नए अध्यक्ष कमलनाथ और राहुल गांधी पूरे विश्वास से बोल रहे हैं कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। मुझे उनके बयानों पर हंसी आती है। जीत तो दूर राहुल गांधी को कांग्रेस का अस्तित्व भी दूरबीन लेकर ढूंढना पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं से कहता हूं कि आप में हमें हराने का दम नहीं'।

शाह ने कहा, 'राहुल गांधी को मैं बताना चाहता हूं कि मध्यप्रदेश भाजपा का गढ़ है। यहां हमारी पैठ 'अंगद के पैर' जैसी है। भाजपा गरीबों की बात करती है और आप राजा-महाराजा की। अब की बार लड़ाई 'कॉर्पोरेट और किसानों' के बीच है। कांग्रेस राजा-महराजाओं को लेकर चुनाव मैदान में उतरी है, उनसे डरने की जरूरत नहीं, क्योंकि हमारा बूथ कार्यकर्ता भी राजा-महाराजा को हराने की ताकत रखता है'।

भाजपा अध्यक्ष ने भगवा आतंकवाद का जिक्र करते हुए कांग्रेस को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक फर्जी केस के जरिए भगवा आतंकवाद नाम देकर हिंदू संस्कृति को दुनियाभर में बदनाम किया। अब जब कोर्ट ने पूरे मामले को ही नकार दिया है.. तो कांग्रेस चुप क्यों हैं।

उन्होने क​हा कि राहुल गांधी 2014 के लोकसभा चुनाव में देशभर में घूम-घूमकर भगवा आतंकवाद रट रहे थे। अब तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे। हमें ही जन-जन तक उनके इस कारनामे को पहुंचाना होगा।

शाह ने प्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि हमें संगठन में काम करते हुए जन-जन तक पहुंचना होगा। बूथ लेवल पर काम करना होगा। मप्र में भाजपा के एक करोड़ से ज्यादा कार्यकर्ता हैं। इनमें से 65 लाख कार्यकर्ताओं का हमारे पास पूरा डाटा है। अगर 65 लाख कार्यकर्ता 5 दिन भी चुनाव प्रचार करते हैं, तो जीत से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होने कहा कि इस बार हम चुनाव में जीत के लिए नहीं जाएं, बल्कि इस अंतर को बढ़ाने की कोशिश करें। जीत का अंतर इतना हो कि विरोधियों की नींद उड़ जाए। अाप संगठन से मिली सीख का स्मरण करो और अर्जुन की तरह दुश्मनों पर टूट पड़ो, जीत अापकी होगी।

कर्नाटक में चल रहे विधानसभा चुनाव का उल्लेख किया और भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी की विजयश्री गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस जो बात कह रही है, मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि लोकसभा चुनाव के बाद सबसे पहले महाराष्ट्र में भाजपा ने जीत दर्ज की। इसके बाद हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, असम, मणिपुर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा, हिमाचल, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा में विजय मिली। अब कार्यकर्ता मई में पटाखे तैयार रखें, कर्नाटक भी हम जीतेंगे।

इससे पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश ही नहीं.. दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। मोदी जी देश के लिए ईश्वर का वरदान हैं। गरीबों, विकास के लिए जितनी तड़प मोदी जी में है, शायद किसी नेता में हो।


अमित शाह के कार्यक्रम के लिए प्रदेश भाजपा ने अपने 58 जिलाध्यक्ष और 800 से ज्यादा मंडल अध्यक्षों को बुलाया था। इसके साथ ही इस कार्यक्रम में छह हजार के आसपास पार्टी नेता और कार्यकर्ता इसमें उपस्थित थे।