Loading...
अभी-अभी:

अभियान के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा - गोपाल भार्गव

image

Aug 23, 2019

दीपिका अग्रवाल - इंदौर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव मीडिया से रूबरू हुए तो कई मुद्दों पर बेबाकी से बात की, लेकिन जब बात खुद की सरकार द्वारा जनता के हित की अनदेखी की आई तो सवाल को बदलकर प्रदेश सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी। मुद्दा मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का था। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव का कहना था कि सरकार भले ही मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने की बात कह रही है लेकिन अभियान के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में सिर्फ एक लैब है जहां सेम्पल की जांच के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। हालांकि बाद में जब ये पूछा गया कि पहले 15 साल प्रदेश में भाजपा सरकार काबिज थी, तब जरूरत के मुताबिक लैबों की संख्या क्यूं नहीं बढ़ाई गई। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने सवाल को बदलकर सरकार पर ही आरोपों की झड़ी लगा दी।

भाजपा पार्टी का ध्यान राष्ट्रीय मुद्दों पर

वहीं भाजपा नेताओं द्वारा प्रदेश सरकार को अस्थाई बताने के मामले पर भार्गव ने कहा कि फिलहाल राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का ध्यान है। राज्य सरकार की समस्या महत्वपूर्ण नहीं है समय आने पर जो जरूरी होगा, पार्टी वही निर्णय लेगी। वहीं पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम के मामले में कांग्रेस के आरोप पर सफाई देते हुए कहा कि चिदंबरम सीबीआई को संतुष्ट नहीं कर पाए, कई बार मौका मिलने के बावजूद चिदंबरम अपना पक्ष साफ नहीं कर पाए। इसलिए अब उन्हें आरोप लगाने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदेश सरकार पर आरोपी की झड़ी लगाने से भी वे नहीं चूके। उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में अराजकता बढ़ रही है लेकिन प्रदेश सरकार स्थानांतरण उद्योग चला रही है और अरबों की राशि स्थानान्तरण के जरिए कमाई जा रही है।

कांग्रेस नेता केपी सिंह का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस अपने ही नेताओं की बात अनसुनी कर रही है। कांग्रेस के नेताओं का दर्द कई बार उनकी पार्टी के लिए ही परेशानी की वजह बन रहा है। वहीं धारा 370 हटाने के मामले में कांग्रेस के खिलाफ जाकर भाजपा की नीति का समर्थन करने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के कयास पर कहा कि इस मुद्दे पर फ़िलहाल वो मौन ही रहेंगे।