Oct 21, 2019
चंडीगढ़ः खट्टर चंडीगढ़ में अपने आधिकारिक आवास से सचिवालय पहुंचने के लिए पहले भी कई बार साइकिल का प्रयोग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो लोगों को साइकिल से यात्रा करना चाहिए, कम से कम नजदीक के स्थलों तक जाने के लिए तो ऐसा किया ही जा सकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। खट्टर ने लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, मैं आप सभी से लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी करने की अपील करता हूं। बड़ी संख्या में आएं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। हर नागरिक से मेरा विन्रम अनुरोध है कि वह बाहर आएं और मतदान करें। मजबूत सरकार के लिए हर एक वोट महत्वपूर्ण है।
करनाल तक की यात्रा के दौरान सहयात्रियों से किया संवाद
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मतदान करने के लिए पहले तो चंडीगढ़ से ट्रेन की यात्रा कर करनाल पहुंचे और उसके बाद मतदान केंद्र तक साइकिल पर सवार होकर गए। प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान सोमवार सुबह शुरू हुआ। करनाल में मतदान करने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैं जन शताब्दी ट्रेन से करनाल पहुंचा। उसके बाद ई-रिक्शा में सवार हुआ और फिर मतदान केंद्र तक साइकिल से पहुंचा। दो घंटे की रेल यात्रा के बारे में खट्टर ने ट्वीट किया, मतदान करने के लिए करनाल तक की यात्रा के दौरान सहयात्रियों से अच्छा संवाद हुआ।