Loading...
अभी-अभी:

दिल्ली में डॉक्टरों-नर्सों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : केजरीवाल

image

Apr 10, 2020

दिल्ली में डॉक्टरों और नर्सों के साथ बदसलूकी करने वालों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी चेतावनी दी है। सीएम ने कहा कि डॉक्टरों और नर्सों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।दरअसल, सफदरजंग अस्पताल की दो महिला डॉक्टरों पर गौतम नगर में उनके पड़ोसी द्वारा कथित रूप से बदसलूकी और हमला किया गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम ने ये बातें कही। इससे पहले भी दिल्ली और केंद्र सरकार चेतावनी दे चुकी है कि जो भी व्यक्ति डॉक्टरों और नर्सों के साथ गलत व्यवहार करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

21 जगहों को प्रतिबंधित किया गया

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जगहों को प्रतिबंधित किया गया है। यहां पर लोगों को आने-जाने की इजाजत नहीं है। सीएम ने कहा कि उन्हें पता है लोगों को इससे कुछ दिक्कत होगी लेकिन किसी को परेशान होने की जरुरत नहीं है। सरकार लोगों की परेशानी को देखते हुए जरुरी चीजों को मुहैया कराएगी।बता दें कि गौतम नगर इलाके में रहने वाली दो महिला डॉक्टरों के साथ सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर एक शख्स से विवाद हो गया था। आरोप है कि संजीव शर्मा नामक शख्स ने डॉक्टरों के साथ बदसलूकी की। डॉक्टरों का आरोप है कि आरोपित ने कहा कि तुम लोग अस्पताल में काम करती हो और गांव में कोरोना वायरस लेकर आती हो। इस पर दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई। डॉक्टरों के साथ आरोपित ने हाथापाई भी किया। शिकायत के बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

कोरोना का इलाज कर रहे स्वास्थ्य कर्मी भी हो रहे हैं शिकार

कोरोना संक्रमण के दौरान पहली पंक्ति में लोगों का इलाज कर रहे स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। राजधानी के गंगाराम अस्पताल के 108 स्वास्थ्य कर्मी, जिसमें डॉक्टर और नर्स शामिल हैं, उन्हें क्वारंटाइन किया गया है। इनमें एक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसके अलावा महाराजा अग्रसेन अस्पताल के 85 स्वास्थ्य कर्मियों को क्वारंटाइन किया गया है, जिनमें 3 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।