Aug 19, 2022
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में इस समय किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अब इस क्रम में किसान नेता राकेश टिकैत ने एक बार फिर किसानों को बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहने के लिए पुकारा है। टिकैत ने कहा है कि ये आंदोलन लंबा चलेगा। ये आंदोलन कब और कहां होगा इसकी जानकारी दे दी जाएगी। टिकैत ने यूपी और उत्तराखंड सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि किसानों से जमीन छीनने की कोशिश की गई। ये सब राकेश टिकैत ने किसान महापड़ाव के दूसरे दिन मंच से किसानों को संबोधित करते हुए कहा।
सरकार को चेतावनी
किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार सुन ले, लखीमपुर से किसान नाराजगी लेकर जाएंगे, पूरे देश में खीरी हिंसा और टेनी का नाम लेते फिरेंगे। उन्होंने कहा कि ये आंदोलन लंबा चलेगा। आंदोलन कब और कहां होगा, यह बता दिया जाएगा।
टिकैत ने कहा कि किसान बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि किसानों को जीप से कुचलकर मार डाला गया। खीरी कांड में टेनी साजिशकर्ता हैं। उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
जेल में बंद किसानों से मिले टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत ने संयुक्त मोर्चा प्रतिनिधिमंडल के साथ जेल में बंद किसानों से मुलाकात की। जेल से निकलकर राकेश टिकैत ने कहा कि जब टेनी इसके अंदर जाएंगे, तभी लखीमपुर को आजादी मिलेगी। उन्होंने कहा कि लखीमपुर कांड का अपराधी इस जेल में होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जेल में बंद एक किसान को स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या है। उनकी जमानत के लिए अधिकारियों से बात की जाएगी।








