Loading...
अभी-अभी:

आलीशान होटल के मजे लूट रहे भाजपा विधायक, गोल्फ खेलने का भी उठा रहे आनंद

image

Mar 12, 2020

गुरूग्रामः तावडू मानेसर स्थित आइटीसी ग्रैंड भारत होटल में मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक ठहराये गये हैं। इस आलीशान होटल के अपने कमरों में ही सभी विधायकों ने नाश्ता किया। इसके बाद कुछ विधायकों ने गोल्फ भी खेला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर में यहां पर मौजूद सभी 106 विधायकों के एक साथ लंच करने की योजना है। लंच में भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पार्टी के महासचिव डॉ. अनिल जैन भी शामिल होंगे। भाजपा के ये तीनों नेता रात को भी होटल पहुंचे थे और विधायकों से मुलाकात करने के बाद दिल्ली चले गए थे।

भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप

इसके अलावा दूसरी ओर मध्य प्रदेश में सियासी घमासान के बीच बेंगलुरु के एक होटल में रुके कांग्रेस के 22 विधायक इस्तीफा भेज चुके हैं व तीन विधायक किसी के संपर्क में नहीं हैं। सभी विधायक कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा ज्वाइन कर चुके ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक बताए जा रहे हैं। इससे मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार संकट में है। इस उठापटक पर मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया। वहीं इस पर भाजपा का कहना है कि मध्य प्रदेश में जो कुछ हो रहा है, इस सबके पीछे राज्य कांग्रेस नेताओं की अंदरूनी कलह और पॉवर पॉलिटिक्स है। राज्य में जब से कमलनाथ सीएम बने हैं, तब से कई बार गुटबाजी की बातें सामने आई हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का कांग्रेस से इस्तीफा देना इसका जीता जागता उदाहरण है।