Jun 6, 2020
ऑपरेशन 'समुद्र सेतु' के तीसरे फेज में इंडियन नेवी युद्धपोत INS शुक्रवार को मालदीव में फंसे भारतीयों को लेकर भारत के लिए रवाना हुआ। 7 जून को यह जहाज़ 700 भारतीयों के साथ लेकर तमिलनाडु के तूतीकोरिन बंदरगाह पर पहुंचेगा। मालदीव से भारतीय नागरिकों को लाने के लिए INS जलाश्व गुरुवार को सुबह राजधानी माले पहुंचा था।
भारतीयों को जहाज पर सवार करने की प्रक्रिया आरंभ
शुक्रवार को पोर्ट ऑफ माले में पहुंचने पर भारतीयों को जहाज पर सवार करने की प्रक्रिया आरंभ की गई। नेवी के जहाज से भारत आने वाले यात्रियों की चेक-इन और छानबीन वेलना हवाई अड्डे पर पूरी की गई। इसके बाद नेवी की बसों से उन्हें बंदरगाह पर पहुंचाया गया। कुछ लोग अपने साधनों से भी बंदरगाह पहुंचे। मालदीव में भारत मिशन के स्वयंसेवकों ने एयरपोर्ट क्षेत्र में पहुंचने वाले मुसाफिरों का स्वागत किया और INS जलाश्व में सवार होने से पहले औपचारिकताएं पूरी कीं।
जहाज पर लोड करने से पहले सेनेटाइज
मुसाफिरों के सामान को जहाज पर लोड करने से पहले सेनेटाइज किया गया और यात्रियों की सेहत की पहचान के लिए उनके हाथों में एक मुहर भी लगाई गई। जहाज पर चढ़ने से पहले उनका सामान अलग से लोड करने का बंदोबस्त किया गया। महिलाओं और बच्चों को जहाज पर सवार करने में तरजीह दी गई।








