Loading...
अभी-अभी:

ताजनगरी में तूफान ने मचाई तबाही, 40 लोगों की मौत 58 घायल

image

May 3, 2018

आगरा में बुधवार की शाम एक बार फिर आए तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के साथ हुई तेज बारिश ने जिले की बिजली गुल कर दी। रात नौ बजे ही जिले के अधिकतर हिस्सों में ब्लैक आउट हो गया। इसकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटे के आसपास रहने का अनुमान है। 

बता दें कल से लेकर आज तक मौतों का यह आंकडा बढ़ गया है। इस तूफान से शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में 40 लोगों की मौत हो गई। खेरागढ़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है। फतेहाबाद में 10, बाह में चार, एत्मादपुर में दो और किरावली में भी दो लोगों की जान चली गई। जबकि तूफान में 58 लोग घायल हुए हैं।

मृतकों के परिवार को मिलेगा मुआवजा
जिनमें आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अलग अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। डीएम गौरव दयाल ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। 

फसलें हुई बर्बाद
जगह जगह सैकड़ों पेड़ और होर्डिंग गिर पड़े हैं। 11 अप्रैल को आए तूफान में जो पेड़ कमजोर पड़ गए थे, वे गिर पड़े। देहात में कई मकानों की छत उड़ गई। कुछ ढह गए। तूफान और ओला वृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें भी बर्बाद गई। 

तीन मैरिज गार्डन पर गिरे पेड़ 
आंधी और तेज बारिश के कारण शहर में मैरिज होम और शादी के लिए लगाए गए विशेष शामियानों को नुकसान पहुंचा। जिस समय आंधी आई, विवाह समारोह में सबसे ज्यादा भीड़ उसी दौरान ही थी। कई मैरिज होम में पंडाल उड़ गया तो कई जगह खाने के स्टॉल गिर गए। फतेहाबाद रोड के तीन मैरिज होम में पेड़ गिर गए।

मौसम ने बदला माहौल
बता दें मौसम विभाग कई दिनों से बदलाव के संकेत दे रहा था। तेज अंधड़ के साथ बारिश के आसार जताए जा रहे थे। बीते तीन दिन हल्का अंधड़ और बूंदाबांदी के साथ गुजर गए। सोमवार शाम को तेज हवाएं चलने के बाद तापमान में गिरावट आई थी। बुधवार को भी सुबह से तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई। तापमान बढ़ा तो अंधड़ और बारिश की आशंका पनपने लगी। देर शाम मौसम पलट गया। करीब 8:30 बजे धूल भरी तेज हवाएं चलीं। इनकी रफ्तार लगातार बढ़ती गई। चंद मिनटों में तेज हवाएं तूफान में बदल गईं। होर्डिंग्स हवा में उड़ गए। कई पेड़ जमीन पर आ गिरे। इनकी शाखाएं टूटकर गिर पड़ीं। देहात में पेड़ों का बड़ा नुकसान हो सकता है। कई क्षेत्रों में ओले गिरने की भी खबर है। फतेहपुर सीकरी में ओलावृष्टि हुई है। तूफान और बारिश से बिजली व्यवस्था भी चौपट हो गई।

बदलते तापमान का स्तर
अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान अभी दो डिग्री अधिक बना हुआ है। इसे 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम बिगड़ने की संभावना
धूल भरे अंधड़ के साथ बारिश की आशंका है। गरज के साथ बारिश भी हो सकती हैं। इसके बाद 8 मई तक मौसम के हालात ऐसे ही बने रहने की संभावना व्यक्त की जा रही हैै। आगे भी मौसम बिगड़ सकता है ऐसी आयंका जताई जा रही है।

130 की रफ्तार से आया था बवंडर
राजस्थान सीमा पर लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। बता दें 11 अप्रैल को राजस्थान सीमा पर सक्रिय हुए विक्षोभ के कारण ही 130 की रफ्तार का बवंडर आया था।