Mar 12, 2020
दिल्ली में भड़की हिंसा के बाद अब स्थिति सामान्य हो गई हैं। पुलिस ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी है कि उत्तर पू्र्वी दिल्ली में अब माहौल पूरी तरह सामान्य है, किन्तु फिर भी राजधानी में 100 कंपनियों की तैनाती की गई है। पुलिस के अनुसार दिल्ली हिंसा में अब तक 700 से अधिक FIR दर्ज की जा चुकी हैं और भी FIR दर्ज की जाएंगी।
किसी भी बेकसूर के खिलाफ नहीं होगी कार्रवाई
इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि यदि कोई शिकायत दर्ज कराना चाहता है, तो उसे नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी कार्यालय जाकर शिकायत देनी होगी। पुलिस ने अपनी प्रेस वार्ता में बताया कि दिल्ली हिंसा से सम्बंधित अलग-अलग मामलों में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किसी भी बेकसूर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। पुलिस ने कहा कि दिल्ली हिंसा के तीन मामलों में प्रगति हुई है और नाले से अब तक चार शव मिले हैं।
अफवाह फैलाने के आरोप में 20 लोग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर नज़र रखी जा रही है और अफवाह फैलाने के आरोप में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि हिंसा में शामिल बाहरी लोगों की भी पहचान की जा रही है और पड़ोसी राज्यों से संपर्क किया जा रहा है। दिल्ली हिंसा में 300 से अधिक बाहरी लोगों की पहचान की जा चुकी है।