Aug 18, 2022
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से आज दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों में प्रदेश सरकार के कामकाज और राजनीति को लेकर बातचीत हुई। इस बात की जानकारी डिप्टी सीएम ने ट्वीट करके दी। बता दें की एक दिन पूर्व भाजपा अध्यक्ष से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मुलाकात की थी। दरअसल, उत्तर प्रदेश में जल्द ही भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होने वाली है, जिसके चलते मुलाकातों का दौर जारी है।
ट्वीट कर दी सूचना
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की तस्वीर ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, "आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व कुशल संगठनकर्ता, करोड़ों कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक, हमारे प्रेरणा स्रोत, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मिलकर अमूल्य मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।"
मुलाकात के पीछे की कहानी
गौरतलब है कि बृजेश पाठक से पहले केशव प्रसाद मौर्य भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मिले थे। इन दोनों ही मुलाकातों के पीछे UP के प्रदेश अध्यक्ष की खाली कुर्सी है। दरअसल कुछ दिन पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही इस कुर्सी को लेकर मंथन चल रहा है। हालांकि अभी तक किसी का नाम तय नहीं हुआ है। बीते दिनों यूपी में प्रदेश संगठन मंत्री रहे सुनील बंसल को संगठन ने नई जिम्मेदारी दी है। वहीं अब यूपी प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेदारी धर्मपाल सिंह को दी गई है। इसी क्रम में ये अंदेशा लगाया जा रहा है कि जल्द ही प्रदेश के नए भाजपा अध्यक्ष की घोषणा भी की जाएगी।
2024 के चुनाव की तैयारी
2024 में आने वाले चुनाव में भाजपा ने यूपी में सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन्हें लागू कर मिशन-2024 में जुड़ने के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार है। बीजेपी 2024 के चुनाव में जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। पिछले सप्ताह ही विधान परिषद के नेता स्वतंत्र देव सिंह को हटाकर केशव प्रसाद मौर्य को उच्च सदन की जिम्मेदारी सौंपी। इससे पिछड़े वर्ग के नेता केशव प्रसाद मौर्य का कद पार्टी में ऊंचा हो गया है। ऐसे में ये अंदेशा लगाया जा रहा है कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा कोई पिछले वर्ग का मंत्री हो सकता है।