Loading...
अभी-अभी:

देहरादून:बारिश और बर्फबारी से करीब 330 गांव बर्फ की कैद में, प्रदेश में 26 मुख्य मार्गों समेत 40 से ज्यादा रास्ते हुये बंद

image

Jan 9, 2020

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को भी मौसम मिजाज बिगड़ा ही रहा। बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थमने को नहीं है। उत्तरकाशी और चमोली जिले में बर्फ में कैद गांवों की संख्या बढ़कर करीब 330 पहुंच चुकी है। वहीं प्रदेश में 26 मुख्य मार्गों समेत 40 से ज्यादा रास्ते बंद हो गए हैं। बर्फबारी शुरू हुई तो होटलों में ठहरे सैलानी बर्फबारी का लुत्फ उठाने बाहर निकल आए। वहीं भारी बर्फबारी के कारण चंबा-धनोल्टी, प्रतापनगर, लंबगांव-कोटालगांव-चमियाला, नगुन-भवान, घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। उत्तरकाशी जिले में करीब दो सौ गांव बर्फ से ढक गए हैं। समुद्र सतह से 1500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे समेत जिले के आधा दर्जन से अधिक मोटर मार्गों पर दूसरे दिन भी यातायात बाधित रहा। 

पेयजल योजनाओं के स्रोत बर्फ में तब्दील हो गए

वहीं 25 से अधिक पेयजल योजनाओं के स्रोत बर्फ में तब्दील हो गए हैं। जहां लोग बर्फ पिघलाकर पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। वहीं इस बात कि जानकारी मिली है कि जिले में जोशीमठ-मलारी, गोपेश्वर-चोपता, जोशीमठ-औली, जोशीमठ-परसारी, जोशीमठ-नरसिंह मंदिर, सलूड़-डुंगरा, लोहाजंग-वाण, ग्वालदम-चिडिंगा मल्ला, निजमूला-पगना, घाट-रामणी मार्ग अवरुद्ध हैं। चमोली में मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए डीएम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम में सात फीट तक नई बर्फ जम चुकी है, जबकि पांच फीट बर्फ पहले से मौजूद थी।