Nov 15, 2016
शहडोल। संसदीय सीट पर 19 नवंबर को होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले कांगेस को करारा झटका देते हुए 100 से अधिक कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो गए। राज्य भाजपा ने एक बयान जारी कर बताया कि, ‘‘जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में सौ से अधिक कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता मध्यप्रदेश के उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के समक्ष सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गये हैं।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘उन्होंने भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है.’’ जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र शहडोल लोकसभा सीट का एक हिस्सा है। शुक्ल ने उन्हें भाजपा की सदस्यता से नवाजते हुए शहडोल लोकसभा सीट के पार्टी प्रत्याशी ज्ञान सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार में जुट जाने का आग्रह किया। इसके पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी हिमाद्री सिंह की भतीजी भी भाजपा का दामन थाम चुकी है. भाजपा सांसद दलपत सिंह परस्ते के निधन की वजह से हो रहे उपचुनाव के लिए 19 नवंबर को मतदान होना है।