Dec 29, 2016
नीमच। कुकड़ेश्वर के पटवा कृषि फार्म पर पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा को मुखाग्नि दे दी गई। पूरे पटवा परिवार ने मिलकर अपने पित्र पुरुष को मुखाग्नि दी। उन्हें मुखाग्नि देते समय पूरे परिवार समेत वहां मौजूद दिग्गज भाजपा नेता और कुकड़ेश्वर की जनता की आंखें नम हो गई थीं। अंतिम संस्कार से पहले उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। इस दौरान बंदूकों की आवाज से पूरा क्षेत्र गूंज गया। लालकृष्ण आडवाणी ने शोक सभा में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पटवा सिद्धांतवादी और सख्त प्रशासक रहे। आडवाणी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य पर भी चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि आज पार्टी जिस अवस्था में है, जिन लोगों के कारण पार्टी खड़ी हुई है उनकी वर्तमान स्थिति देखकर कष्ट होता है। शोक सभा में अनेक नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने पटवा को सख्त प्रशासक, सिंद्धांतवादी और महान नेता बताया। शोकसभा में बड़े नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में कुकड़ेश्वर की जनता, दूर-दराज से पहुंचे उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
बड़े नेताओं ने किया अंतिम दर्शन
कुकड़ेश्वर के पटवा कृषि फॉर्म पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए नेताओं ने स्व.सुंदरलाल पटवा को पुष्प अर्पित किए। इनमें भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय मंत्री उमा भारती, रामलाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, नरेंद्र सिंह तोमर,थावरचन्द गहलोत, नंदकुमार सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष ब्रजमोहन अग्रवाल, भाजपा के राष्ट्रीय नेता सुरेश सोनी आदि भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।








