Loading...
अभी-अभी:

जहरीले सांप के काटने से युवक हुआ अपाहिज, लगा रहा सरकारी मदद की गुहार

image

Jul 10, 2017

जशपुर : जहरीले सांप के काटने से जिंदगी तो बच गई, लेकिन ऐसी जिंदगी भी क्या जिसे जीने में मरने से ज्यादा तकलीफ हो और पेट के लिये जिसे 8 घण्टे घिसट-घिसट कर चलना पड़े। ऐसे युवक को सरकारी मदद का इंतजार हैं। पढ़ाई में होनहार गरीब परिवार का युवक अपनी जिंदगी जीने के लिये संघर्ष कर रहा हैं। इस युवक की दुर्दशा करैत सांप के काटने से हुई हैं। सर्पदंश के कारण दोनों पैरों से लाचार विनोद चौहान पेंशन के लिये 6 किलोमीटर का पैदल सफर 8 घंटे में पूरी करता हैं। गरीब परिवार में रह रहे निःशक्त को तीन सौ रुपए पेंशन के सिवा किसी भी प्रकार की सरकारी मदद नहीं मिलती हैं।

कोतबा से लगे पंचायत परसाटोली के आश्रित ग्राम गोलियागढ़ पकरी टोला निवासी विनोद चौहान को 10 साल पहले करैत सांप ने डस लिया था। इलाज के बाद विनोद की जान तो बच गई, लेकिन शरीर में सर्पदशं के कारण गंभीर क्षति पहुंची। विनोद चौहान की स्थिति यह हैं कि वह दोनों पैर से घिसट कर मुश्किल से दो कदम चलता हैं। आंखों की रोशनी लगातार कम होती जा रही हैं और उसे देखने में बड़ी परेशानी होने लगी हैं। विनोद का परिवार अत्यंत गरीब हैं, और वह दो छोटे भाइयों के साथ रहता हैं। पिता डमरूधर चौहान ट्रक चालक हैं और आमदनी इतनी नहीं हैं कि विनोद का बड़े अस्पताल में ले जाकर इलाज करा सके। बड़ी मशक्कत के बाद विनोद को निःशक्त पेंशन के रूप में साढ़े तीन सौ रुपए मिलना प्रारंभ तो हो गया। लेकिन पेंशन लेने के लिये जो तकलीफ उठानी पड़ती हैं, वह बेहद कठिन हैं। पेंशन लेने जाने और लेकर आने में उसे 6 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करना होता हैं। दोनों पैरों को बारी-बारी से घसिटते हुए विनोद लगभग डेढ़ घंटे में एक किलोमीटर का सफर तय कर पाता हैं, समस्या यहीं समाप्त नहीं होती हैं। कई बार विनोद को बिना पेंशन लिये ही आना पड़ता हैं। उसकी सामान्य आवश्यकता के लिये पेंशन ही एक मात्र सहारा हैं। विनोद चौहान तब कक्षा सातवीं का होनहार विद्यार्थी था और कम उम्र में ही वह अच्छा मोटर मैकेनिक भी बन गया था। इसे ट्राई सायकल मिले और उसका बेहतर इलाज हो जाये तो मोटर मैकेनिक बनकर आत्म निर्भर बन सकता हैं। मामले की जानकारी पत्थलगांव जनपद सीईओ भजन साय को दिये जाने पर अधिकारी ने जल्द ही पीड़ित को सहायता मुहैया कराने की बात कही हैं।