Loading...
अभी-अभी:

भोपाल में शुरू हुई 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी

image

Nov 18, 2025

भोपाल में शुरू हुई 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया। श्यामला हिल्स स्थित क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान में आयोजित इस छह दिवसीय कार्यक्रम में देश के 31 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए लगभग 900 स्कूली छात्र-छात्राएं अपने नवाचारी विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं।

900 से अधिक बच्चे, 240 मॉडल

प्रदर्शनी में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों द्वारा तैयार 240 से अधिक वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शित किए जा रहे हैं। ये मॉडल खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, परिवहन-संचार, प्राकृतिक खेती, आपदा प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन तथा कंप्यूटेशनल थिंकिंग जैसे विषयों पर आधारित हैं। इस वर्ष का थीम ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी’ रखा गया है।

वैज्ञानिकों से सीधा संवाद

हर दिन सुबह 9 बजे से विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों के विशेषज्ञ छात्रों को व्याख्यान देंगे और 30 मिनट तक प्रश्नोत्तर सत्र चलाएंगे। शाम को अलग-अलग राज्यों के बच्चे अपनी सांस्कृतिक विरासत को नृत्य, गीत और लोक कलाओं के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।

भोपाल की सैर भी

आगंतुक छात्रों के लिए भोपाल के ऐतिहासिक स्थल, संग्रहालय, विज्ञान केंद्र और शिल्प स्थलों का भ्रमण भी आयोजित किया गया है। रोजाना करीब दो हजार दर्शक प्रदर्शनी देखने पहुंच रहे हैं।

प्रदर्शनी का समापन 23 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे होगा। यह आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ देश की विविधता को एक मंच पर लाने का अनूठा प्रयास है।

Report By:
Monika