Nov 18, 2025
छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा पर सुरक्षाबलों की ऐतिहासिक सफलता: कुख्यात माओवादी कमांडर हिडमा ढेर
बस्तर। छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर सोमवार देर रात सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CPI (माओवादी) के सबसे खतरनाक कमांडर माडवी हिडमा को मार गिराया। उसके साथ उसकी पत्नी राजे उर्फ राजक्का सहित कुल छह नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के घने जंगल मारेदुमिल्ली क्षेत्र में हुई।
43 वर्षीय हिडमा पर एक करोड़ रुपये का इनाम था। वह माओवादियों की सशस्त्र इकाई PLGA बटालियन-1 का कमांडर और हाल ही में केंद्रीय समिति का सदस्य बना था। बस्तर से केंद्रीय समिति तक पहुंचने वाला वह इकलौता आदिवासी नेता था।
हिडमा पिछले 15 साल से सबसे वांछित नक्सली था। उसके नेतृत्व में हुए प्रमुख हमले:
2010 दंतेवाड़ा: 76 जवान शहीद
2013 झीरम घाटी नरसंहार: 27 कांग्रेसी नेता मारे गए
2017 सुकमा हमला
2021 सुकमा-बीजापुर: 22 जवान शहीद
मारे गए अन्य नक्सलियों में सब जोनल कमेटी सदस्य चेल्लुरी नारायण उर्फ सुरेश और टेक शंकर भी शामिल हैं। सभी छह शव बरामद कर लिए गए हैं।
सुरक्षाबलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी रखा है। अधिकारियों के अनुसार यह माओवाद विरोधी अभियान में अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है और आने वाले दिनों में नक्सल गतिविधियों पर गहरा असर पड़ेगा।







