Oct 20, 2017
जांजगीर/चांपा : जिले के नैला चौकी क्षेत्र में आज एक अज्ञात नाबालिग की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक का गला धारदार हथियार से रेता गया था, वहीं शरीर पर अन्य कई जगह भी जख्म थे।
छानबीन के दौरान मृतक का मोबाइल बरामद हुआ, जो टूटा हुआ था। पुलिस ने जैसे सिम को अन्य मोबाइल में लगाया, उसी दौरान मृतक के परिजन का फोन आया, जिससे पता लगा कि मृतक का नाम देवेन्द्र हरवंश था, जो विवेकानंद स्कूल में कक्षा 9 वीं का छात्र था और सपरिवार जांजगीर के वार्ड नंबर 10 में रहता था।
उनका मूल निवास परसाभंठा बलौदा है, जहां पूरा परिवार दीपावली की छुट्टी में गया था, मगर मृतक दीपावली की दोपहर जांजगीर में दोस्तों के साथ दीपावली मनाने वापस आ गया। जो जांजगीर स्थित घर नहीं पहुंचा, वहीं उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था।
जिसके बाद आज सुबह देवेन्द्र की लाश नैला चौकी क्षेत्र में संदिग्ध हालात में पड़ी मिली। मौके पर लाश के करीब शराब की बोतलें भी पड़ी थी। घटना पर मर्ग कायम कर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच में जुटी है।