Loading...
अभी-अभी:

सीएम रमन की विकास यात्रा आज महासमुंद दौरे पर, 12 निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण

image

Sep 8, 2018

हाकिम नासिर : मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह प्रदेशव्यापी अटल विकास यात्रा के दौरान आज महासमुंद के दौरे पर रहे। सीएम डॉ. रमन सिंह महासमुंद जिले को 254 करोड़ 53 लाख रूपए के लागत के 45 विभिन्न निर्माण कार्यो की सौगात दी। वे इनमें 218 करोड़ 37 लाख 64 हजार रूपए की लागत से निर्मित होने वाले 33 निर्माण कार्यो का शिलान्यास और 36 करोड 15 लाख 28 हजार रूपए की लागत से 12 निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया।

इस दौरान जिला मुख्यालय महासमुंद में आयोजित विशाल आमसभा को मुख्यमंत्री ने सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विकास यात्रा छत्तीसगढ़ के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गरीब परिवारों को एक रूपए किलो में चावल देने की मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना, पीढि़यों के लिए तैयार की गई है। आने वाले समय में भी छत्तीसगढ़ में कोई भूखा नहीं सोएगा।

डॉ. सिंह ने इस अवसर पर महासमुंद में नहर लिंक सड़क के निर्माण के लिए दस करोड़ 50 लाख रूपए की स्वीकृति की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही इस क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी यह मांग पूरी हो जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि गांव, गरीब, किसानों की बेहतरी के लिए राज्य सरकार द्वारा पिछले 15 वर्षों में किए गए कार्यों से प्रदेश में विकास की बुनियाद तैयार हुई है।

इस बुनियाद पर अटल दृष्टि पत्र के अनुरूप वर्ष 2025 तक छत्तीसगढ़ के विकास की बुलंद इमारत तैयार होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वर्ष 2025 तक देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल होगा। छत्तीसगढ़ का सकल घरेलू उत्पाद आज की तुलना में दोगुना होगा। हर गांव में सड़क और इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य की और भी बेहतर सुविधाएं होंगी और छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होगा।

सीएम ने केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री और सहायता राशि के चेक भी वितरित किया। इस अवसर पर पर्यटन और संस्कृति मंत्री दयालदास बघेल लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी, विधायक खल्लारी चुन्नीलाल साहू, सरायपाली विधायक रामलाल चौहान और महासमुंद विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिवरतन शर्मा और क्रेडा के अध्यक्ष पुरन्दर मिश्रा, माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिता पटेल, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, जनपद अध्यक्ष धरमदास महिलांग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।