Nov 13, 2019
मनोज यादव - हादसों का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी, वहीं चार लोग घायल हैं। कोरबा जिला हादसों का शहर बनता जा रहा है। सड़क दुर्घटना में आये दिन लोगों की मौत हो जाती है या फिर लोग गम्भीर रूप से घायल हो जाते हैं। ऐसी ही एक घटना सीतामणी चौक के पास की है, जहाँ दो बाइक के बीच भिड़ंत हो गयी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं चार घायल हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कार्यवाही में जुटी
दुर्घटनाग्रस्त लोगों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ हालत गम्भीर बताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने बताया कि सीतामणी से बर्थडे पार्टी में काम कर घर लौटे रहे थे, इस दौरान ये दुर्घटना घटी है। मृतक सागर उर्फ विरेन्द्र नायडू संजय नगर और धरमु सारथी मुड़पार निवासी है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्यवाही शुरू की। मृतक के पिता की माने तो देर रात उसे घटना की जानकारी उसके ही छोटे बेटे ने फोन से दिया। मृतक सागर के शादी को महज कुछ ही माह हुए हैं। 3 माह का छोटा बच्चा है। रोजी मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। पिता ऑटो चला कर गुजर बसर करते आ रहा है। ऐसे में इस घटना के बाद परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं दूसरा मृतक धरमु की शादी को भी महज कुछ ही साल हुए हैं और उसकी पत्नी गर्भ से है।