May 25, 2019
सुदीप उपाध्याय- वाड्रफनगर के थाना बसंतपुर को एक शख्स की लाश जंगल किनारे मिली है। मृतक चरवाहा था और जंगल बकरियों को चराने ले गया था। शाम होते ही बकरियां तो लौट आई थी पर वो नहीं लौटा। खोज करने पर जंगल में ही उसकी लाश मिली।
मृतक के शरीर पर चोट के निशान
दरअसल मृतक रामोतार खेरवार ग्राम बसंतपुर महुवारी पारा का ही रहने वाला था। रोजाना की तरह घर से बकरियां लेकर सुबह 8 बजे अपने खेत से लगे जंगल की ओर निकला था। देर शाम बकरियां घर लौट आईं, मगर रामोतार घर सारी रात नहीं लौटा। सुबह परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी तो वे लोग रामोतार को ढूंढते हुए जंगल की ओर गए। वहीं बांध से लगे जंगल में रामोतार मृत पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना परिजनों ने तत्काल बसंतपुर थाने को दी। बसंतपुर पुलिस ने घटना स्थल का निरक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए वाड्रफनगर भेज दिया है।
इधर परिजनों ने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं और घटना स्थल पर संघर्ष भी हुआ है, ऐसा लगता है। परिजनों के मुताबिक मृतक का किसी से कोई भी दुश्मनी नहीं थी। इसलिए हत्या की कोई ठोस वजह देखने को नहीं मिली। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतज़ार में है। उसके बाद ही आगे की कार्यवाही की जा सकती है।