Jun 10, 2019
राम कुमार यादव- सरगुजा में गर्मी का पारा बढ़ा ही जा रहा है जिससे सरगुजा तपने लगा है। लोग गर्मी से बचने के लिये स्कार्फ का सहारा ले रहे हैं। शहर में सुबह से ही लू की हवाएं चलने लगती हैं। दिन के चढ़ने के साथ ही सूरज की गर्मी का पारा भी चढ़ने लगता है जिससे लोगों को बाहर निकलने में दिक्कत होती है। सरगुजा के लोगों ने बताया कि इस साल की गर्मी ने पहले के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। इस बार की गर्मी अपने चरम सीमा भी पार कर चुका है। पहले लोग गर्मी से बचने के लिये सरगुजा आया करते थे। अब यहां की गर्मी को देखते हुए लोग सरगुजा से दूर हो रहे हैं। सरगुजा का मौसम पहले ठण्डा हुआ करता था, मगर आज तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है।
अभी कुछ दिन और रहेगा गर्मी का प्रकोप
वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग के अक्षय मोहन ने बताया कि इस समय मौसम को देखते हुये यही कहा जा सकता है कि फिलहाल कुछ दिन तक गरमी की तपिश कम नहीं होने वाली है। राजस्थान से लगातार गर्म हवाएं आ रही हैं और बीच में कुछ द्रोणिका और चक्रवात बने हुए थे, जिससे तापमान में कुछ कमी आई थी। मगर दो दिनों के बाद उत्तर भारत की ओर से आने वाली गर्म हवाओं ने फिर से यहाँ का तापमान बड़ा दिया है। गर्म हवाओं के आने से अम्बिकापुर का तापमान 43 डिग्री पहुँच चुका है और अब भी तापमान 41 डिग्री के ऊपर ही रहने का है।