Loading...
अभी-अभी:

महिला हुई सर्पदंश की शिकार..तो परिजनों ने सांप को ही बना लिया बंधक

image

Jul 1, 2019

मनोज यादव : करतला थाना क्षेत्र के ग्राम लुदुखेत में रहने वाली एक महिला सर्पदंश का शिकार हो गई। खाट पर सो रही जगेश्वरी राठिया को करैत नामक जहरीले सांप ने काट लिया। अंधविश्वास में जकड़े महिला के परिजनों ने सांप को तीन दिन से बंधक बनाकर रखा है। ग्रामीणों का मानना है,कि सांप को बंधक बनाए जाने से शरीर में फैला विष उतर जाता है।

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में फैली भ्रांतिया

बता दें कि सर्पदंश को लेकर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में आज भी कई भ्रांतिया फैली हुई है। ग्रामीणों को जागरुक करने का प्रयास तो किया जा रहा है बावजूद आज भी लोग अंधविश्वास से जकड़े हुए हैं। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम लुदुखेत में करैत नामक जहरीले सांप को पिछले दिन से केवल इसलिए बंधक बनाकर रखा गया है क्योंकि उसने एक महिला को डस लिया था। 

महिला की हालत खतरे से बाहर

महिला का मानना है,कि सांप को बंधक बनाने से शरीर में फैला विष आसानी से उतर जाता है। महिला का नाम जगेश्वरी राठिया है जिसने बताया,कि घर में वह खाट पर सो रही थी तब सांप ने उसके हाथ को डस लिया,जिसके बाद वह हड़बड़ा कर उठी और परिजनों के सहयोग से सांप को बंधक बना लिया। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उसका उपचार जारी है और हालत खतरे से बाहर है,घर जाने के बाद महिला ने सांप को आजाद कर देने की बात कही है।

पीड़ितों को हॉस्पिटल की जगह झाड़ फूंक करवाने ले जा रहे परिजन

बारिश का मौसम शुरु होते ही जिले में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं और इसके साथ ही शुरु हो जाता है अंधविश्वास का खेल। कई मामलों में पीडि़तों को अस्पताल ले जाने के बजाए बैगा गुनिया के पास झाड़-फूंक के लिए ले जाया जाता है जिससे समय पर उपचार नहीं मिलने से पीडि़त की मौत हो जाती है। बहरहाल महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और जल्द ही उसे छुट्टी दे दी जाएगी।