Nov 17, 2025
बिहार में शांति की मिसाल बना चुनाव: एक भी गोली नहीं चली, CM मोहन यादव ने PM मोदी को बताया देश का असली नायक
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया।
PM मोदी ने बदल दिया देश का राजनीतिक परिदृश्य
सीएम मोहन यादव ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गैर-कांग्रेसी सरकार ने पूर्ण बहुमत से लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की है। यह उस समय का बदला है जब कांग्रेस ने षड्यंत्र कर अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार गिराई थी। आज पूरे देश में एनडीए का लोकतांत्रिक विजय अभियान चल रहा है।
बिहार में ऐतिहासिक शांतिपूर्ण मतदान
मुख्यमंत्री ने बिहार चुनाव को दुनिया के लिए मिसाल बताया। दोनों चरणों में एक भी गोली नहीं चली, कहीं बूथ कैप्चरिंग नहीं हुई और न ही पुनर्मतदान की नौबत आई। यह प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन का जीता-जागता प्रमाण है जो वैश्विक स्तर पर भारत को नया मॉडल दे रहा है।
कांग्रेस को घेरा, सबका साथ-सबका विकास पर जोर
डॉ. यादव ने कहा कि मोदी जी का विजय रथ ‘सबका साथ, सबका विकास’ और जातिवाद के विरोध पर चल रहा है। यह आम जनता के लिए सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था का दौर है जो लोकतंत्र की सच्ची खूबसूरती दिखा रहा है।
SC मोर्चा नेता की बेटी की शादी में दिए आशीर्वाद
ग्वालियर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य के घर पहुंचकर सीएम ने उनकी बेटी प्रियंका और दामाद यीशु राज सिंह को नवदांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। बाबा महाकाल से दोनों के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।







