Loading...
अभी-अभी:

पति, पत्नी और वो में हुई थी बुआ की हत्या, 10 साल बाद आरोपी गिरफ्तार

image

Oct 17, 2017

इंदौर : बुआ की हत्या के बाद छत्तीसगढ़ में फरारी काट रहे 20 हजार के इनामी हत्यारे को पुलिस ने 10 साल बाद गिरफ्तार कर लिया हैं। बुआ के लड़के के साथ पत्नी के अवैध संबंध के चलते युवक ने हत्या की थी।

पत्नी और भाई को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पत्नी पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन बीच-बचाव में आई बुआ को चाकू लग गया और बुआ की मौत हो गई। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। 

बुआ के हत्या के आरोप में इंदौर क्राइम ब्रांच ने आरोपी सतीश यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूल किया है कि गलती से उसने अपनी सगी बुआ की हत्या कर दी थी। आरोपी के मुताबिक उसके पत्नी और बुआ के लड़के मनीष के अवैध संबंधों की जानकारी हाथ लगी थी।

जिसके बाद पीछा किया तो पाया कि मनीष पत्नी के साथ गलत व्यवहार कर रहा हैं। मनीष पर चाकू से हमला किया, लेकिन वो भाग गया। बीच-बचाव में आई बुआ को चाकू लग गई और उसकी मौत हो गई।

इंदौर क्राइम ब्रांच की माने तो वर्ष 2007 में महू इलाके में महिला की हत्या हुई थी। महिला का नाम उषा बाई था। हत्या में फरार सतीश यादव को पकड़ लिया गया हैं। सतीश यादव वारदात को अंजाम देने के बाद छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के पास एक गांव में नाम बदलकर रहने लगा था।

लगभग 10 वर्षों में अलग-अलग स्थानों पर पहचान छुपाकर रह रहा था। सूचना मिलने के बाद टीम ने दबिश देकर रायगढ़ से आरोपी को पकड़ा हैं। आरोपी ने फरारी के दौरान नाम बदलकर कुछ समय तक मजदूरी करता रहा। वहां जिंदल और मैरेट नामक फैक्ट्री में भी काम किया।

फरारी के दौरान वहां पर आबकारी एक्ट के तहत पकड़ा जा चुका हैं। आरोपी ने संजय यादव के नाम से फर्जी पहचान पत्र बनवा लिया था। यहीं नहीं दूसरी शादी भी कर ली थी। दूसरी पत्नी के बच्चों की शादी भी धूमधाम से करवा दी थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभाग ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पता चला है कि फरारी के दौरान कई बार अपने पहले पत्नी के दोनों बच्चों से मिलने के लिए इंदौर भी आया था।