Loading...
अभी-अभी:

पूर्व जनपद सदस्य के घर हथियारबंद बदमाशों ने की चोरी

image

Jul 19, 2017

इटारसी : रामपुर में पूर्व जनपद सदस्य और पूर्व सरपंच के घर हथियारबंद बदमाशों ने बीती रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश आधा दर्जन से भी ज्यादा की संख्या में बताए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना हैं कि बदमाशों ने घटना से पूर्व घर में सो रहे लोगों को स्प्रे कर बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश घर में घुसे और अलमारी में रखी ज्वेलरी समेत 22 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिया।

आरोपियों ने करीब सवा लाख रुपए की चोरी की हैं। इसी दौरान घर में सो रही महिला की अचानक नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। इसी दौरान भागते समय चोर के हाथ में लकड़ी का गुटका मार दिया। जिससे उसके हाथ में रखी पिस्टल जमीन पर गिर गई। घटना के बाद आरोपी भाग निकले।

पूर्व जनपद सदस्य रामदास प्रजापति के घर बीती रात को आठ-दस बदमाश चोरी करने घुसे। इसी दौरान महिला की नींद टूट गई। महिला ने देखा कि घर से कुछ लोग निकल रहे हैं। आवाज लगाने पर बदमाश भाग खड़े हुए। महिला ने पास ही रखा एक लकड़ी का गुटका उठाकर बदमाशों पर फेंका। लकड़ी का गुटका एक बदमाश के हाथ में जाकर लगा, जिससे उसकी पिस्टल मौके पर ही गिर गई। 

पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना रात करीब 3 से 4 बजे की हैं। घटना के बाद 100 नंबर को फोन लगाया, लेकिन पुलिस नहीं आई। समय पर पुलिस आती तो हो सकता था बदमाशों को पकड़ लिया जाता। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस काफी देरी से घटनास्थल पर पहुंची।