Loading...
अभी-अभी:

सोहागपुरः टूटी रेलिंग के चलते पुल से गिरा युवक, मौके पर ही हुई मौत

image

Sep 27, 2019

देवेन्द्र कुशवाहा - सोहागपुर के सेमरी हरचंद ग्राम पंचायत के पास स्टेट हाईवे-22 पर फुदना पुल से नीचे गिर जाने के कारण बनखेडी निवासी कृष्ण कुमार पिता लक्ष्मी प्रसाद शर्मा का निधन हो गया है। नवरात्रि में पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बहुत होती है। इस साल भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दरबार पहुँच रहे हैं। गुरुवार को बनखेड़ी से सलकनपुर जाते समय बनखेडी निवासी 48 वर्षीय कृष्ण कुमार पिता लक्ष्मी प्रसाद शर्मा का सेमरी हरचंद के पास से बहने वाली नदी फुदना के पुल पर रेलिंग नहीं होने से पुल में गिरने के कारण मौत हो गई।

नाचते गाते जत्थे के रूप में साथ चल रहा था

साथ के लोगों ने बताया कि हम लोग देवी जी के भजन में नृत्य करते हुए, नाचते गाते जत्थे के रूप में एक साथ चल रहे थे, अचानक कृष्ण कुमार शर्मा रेलिंग के नजदीक पहुंच गए और खुद को संभाल नहीं पाए। रैलिंग नहीं होने के कारण नीचे नदी में गिर गए। नदी गहरी थी, हम लोग साइड से नदी में उतरे और 10 मिनट के अंदर सेमरी हरचंद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां डॉ सुशील सोनी ने चेक कर कृष्ण कुमार शर्मा को मृत घोषित कर दिया। अगर इस पुल पर रेलिंग होती तो शायद यह हादसा नहीं होता एवं कृष्ण कुमार शर्मा की जान बच गई होती। डॉक्टर सुशील सोनी ने बताया, हमारे पास जब इस व्यक्ति को लेकर आए तब तक इनकी मौत हो चुकी थी। हमने पुलिस को सूचना दे दी है। वहीं पुलिस चौकी में हेड कांस्टेबल विजय चौरे ने बताया कि डॉक्टर की सूचना एवं साथियों द्वारा जानकारी देने पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। इन दिनों मां बिजासन देवी सलकनपुर दरबार में भक्तों के जत्थे पैदल यात्रा करते हुए जा रहे हैं। सड़कों पर भारी भीड़ है, भक्तों को भी संभल कर चलने की आवश्यकता है, जिससे ऐसी अनहोनी दोबारा घटित ना हो।