Loading...
अभी-अभी:

वृक्षारोपण के साथ-साथ उनकी देखरेख भी जरूरी है- कलेक्टर

image

Jul 19, 2019

उपेन्द्र मालवीय- पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करने के साथ-साथ उनकी देखरेख भी जरूरी है। यदि हम सभी मिलकर अधिक से अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाकर उनके संरक्षण के प्रति जागरूक हो जाएं तो निश्चित ही बिगड़ते हुए पर्यावरण में सुधार होगा। यह बात रायसेन कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने औबेदुल्लागंज में वन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में औबेदुल्लागंज नगर पंचायत अध्यक्ष हरप्रीत कौर, एसडीएम विनीत तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

जरूरी है लोग जागरूक हों और जीवन में वृक्षों का महत्व समझे

कलेक्टर श्री भार्गव ने कहा कि यदि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ्य और सुरक्षित भविष्य देना चाहते हैं तो पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। इस कार्य में सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी लोग पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण करने के साथ-साथ वृक्ष न कटें, यह भी जरूरी है। रायसेन पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने कहा कि जीवन के लिए पेड़ अत्यंत आवश्यक हैं। बिना पेड़ों के जीवन संभव नहीं है। इसलिए जरूरी है कि लोग जागरूक हों और जीवन में वृक्षों का महत्व समझे। उन्होंने कहा कि लोग जागरूक होंगे तो निश्चित ही सकारात्मक परिणाम मिलेंगे और न केवल अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाए जाएंगे बल्कि वे संरक्षित भी रहेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के नाम से भी पौधा लगा कर नाम पट्टिका लगाई गई।