Loading...
अभी-अभी:

इंदौरः प्रदेश के बजट में कमी करने के खिलाफ कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

image

Jul 20, 2019

दीपिका अग्रवाल- केंद्र में काबिज मोदी सरकार के खिलाफ मप्र में कांग्रेस ने विरोध शुरू कर दिया है। ये विरोध मोदी सरकार की कथनी और करनी में आरोप लगाते हुए किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि 29 में से 28 सीट भाजपा को प्रदेश से मिलने के बावजूद प्रदेश की जनता से केंद्र सरकार भेदभाव कर रही है। प्रदेश के बजट में कमी करने के खिलाफ आज कांग्रेसी सडक पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ धरना देकर अपना रोष जाहिर करने लगे। इंदौर के कलेक्टोरेट चौराहे पर सुबह 10 बजे से धरने की शुरुआत हुई। केंद्र के आम बजट में मध्य प्रदेश को राशि कम देने और प्रियंका गांधी को सोनभद्र न जाने देने के विरोध में यह धरना दिया गया। दरअसल केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संसद में वर्ष 2019-2020 का जो आम बजट प्रस्तुत किया है, उसमें कांग्रेस ने मध्यप्रदेश राज्य के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। प्रदेश के हिस्से में 2677 करोड़ रुपए बजट में कम आवंटित किए गए हैं।

धरने में कांग्रेसियों का मंच प्रेम

शहर कांग्रेस और जिला कांग्रेस के नेतृत्व में दिए धरने में कांग्रेसियों का मंच प्रेम एक बार फिर झलका। पहले सभी कांग्रेसी मंच पर चढ़े और कुर्सियां खाली पड़ी रही, लेकिन मंच पर नेताओं की अधिकता को देखते हुए मंच खाली करवाया गया। तब जाकर कुर्सियां भर पायी। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सदाशिव यादव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने अपने भाषण में केंद्र की नरेंद्र मोदी और उप्र की योगी अदित्यनाथ सरकार को जमकर कोसा। मीडिया से चर्चा करते हुए यादव ने कहा कि आश्चर्य इस बात का है कि मप्र से चुने गए भारतीय जनता पार्टी के 28 सांसदों में से एक ने भी प्रदेश के साथ हुए इस भेदभाव के विरूद्ध अपनी आवाज नहीं उठाई। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने पर यह भेदभाव किया गया है। इसका विरोध करने के लिए ही कांग्रेस मोदी सरकार के खिलाफ धरना दे रही है। उन्होंने कहा कि धरना देने के बाद कांग्रेस प्रदेश के सभी 28 भाजपा सांसदों और केन्द्र सरकार के कपटपूर्ण रवैए के खिलाफ जन जागृति अभियान चलाएगी।