Feb 28, 2020
इंदौरः मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इंदौर के राऊ क्षेत्र में किसानों को फसल ऋण माफी प्रमाण-पत्र सौंपते हुए कहा कि ऋण माफी से किसानों की क्रय शक्ति बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र भी आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 900 करोड़ से अधिक लागत के विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। साथ ही, किसानों के लिये खेती-किसानी पर आधारित शुभ-लाभ खेत कुंडली एप का शुभारंभ किया और दो किसानों को डीबीटी योजना में अनुदान पर ट्रेक्टर की चाबी सौंपी।
अब माफिया से नहीं होगी प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहचान अब माफिया से नहीं होगी। माफिया के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। हम किसानों, नौजवानों तथा प्रदेश की जनता का भविष्य उज्जवल बनाकर प्रदेश की पहचान बदलेंगे। उन्होंने कहा कि इंदौर में मेट्रो का काम तेज गति से चलेगा, यह निवेश का एक बड़ा माध्यम है। इस प्रोजेक्ट से यहाँ के युवाओं और अन्य नागरिकों को काम मिलेगा। आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ने से विकास की संभावनाएँ भी बढ़ेंगी।