Loading...
अभी-अभी:

ग्वालियर : नगर निगम आयुक्त के पीए कोरोना पॉजिटिव, 200 लोग क्वारंटीन

image

Jun 30, 2020

विनोद शर्मा : कोरोना वायरस से बचाव में जुटे ग्वालियर नगर निगम के कर्मचारी को आखिर इस वायरस ने अपनी चपेट में ले लिया। नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन के निज सहायक(पीए) जांच में पॉजीटिव पाए गए। पॉजीटिव रिपोर्ट की सूचना मिलते ही निगम में हड़कंप मच गया। 

5 दिन के लिये बालभवन सील
बता दें कि, निज सहायक ने शुक्रवार की शाम तक ड्यूटी की थी। सोमवार से शुक्रवार तक वे हर रोज निगमायुक्त संदीप माकिन से फाइलों पर हस्ताक्षर कराते रहे। इस दौरान कई पत्रकार सहित वो करीब 200 लोगों के संपर्क में आए। निगमायुक्त ने सोमवार को भी क्षेत्राधिकारियों के अलावा शाम को अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। इसीलिए पीए के पॉजीटिव होने की सूचना मिलते ही बाल भवन को 5 दिन के लिए सील कर दिया गया। 

निगम में 6000 से ज्यादा कर्मचारी, दो दर्जन अधिकारी होम क्वारंटीन
दरअसल, पीए की रिपोर्ट पॉजीटिव आते ही शाम को बंगले पर पहुंचकर निगमायुक्त ने भी अपना सैंपल लिया। रात 10 बजे जब रिपोर्ट निगेटिव आई तब उन्हें राहत मिली। निगम मुख्यालय स्थित निगमायुक्त व पीए के कक्ष को भी सील कर दिया गया है। निगमायुक्त सहित दो दर्जन अधिकारी होम क्वारंटीन हो गए हैं। निगम में 6 हजार से ज्यादा कर्मचारी हैं। निगम का कर्मचारी कोरोना पॉजीटिव निकला है, इसलिए अधिकारी चिंता में हैं।