Loading...
अभी-अभी:

रायसेनः दस्तक अभियान के अंतर्गत मीडिया कार्यशाला का किया गया आयोजन

image

Jun 8, 2019

इलयास खान- 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए रायसेन में दस्तक अभियान को लेकर आयोजित हुई मीडिया कार्यशाला। रायसेन जिले में 10 जून से 20 जुलाई 2019 तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों एवं 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को होने वाली जानलेवा बीमारियों से बचाव एवं उपचार के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में दस्तक अभियान एवं आमजन को जागरूक किए जाने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। मीडिया कार्यशाला में बताया गया कि दस्तक अभियान में 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर कुपोषण की पहचान कर एनएआरसी में भर्ती करवाकर नि:शुल्क उपचार करवाया जाएगा एवं 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए का घोल पिलाया जाएगा। जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकृतियों की पहचान की जाएगी और जरूरत पडऩे पर सम्पूर्ण उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी। 5 वर्ष तक के बीमार बच्चों की पहचान की जाएगी। 6 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों की हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी। गंभीर एनीमिया से पीडि़त बच्चों का नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था की जाएगी।

जिले में सर्वे के माध्यम से 1 लाख 25 हजार बच्चों को चिन्हित किया गया

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ए के शर्मा ने बताया कि दस्तक अभियान शुरू होने से पहले जिले में सर्वे के माध्यम से 1 लाख 25 हजार बच्चों को चिन्हित किया गया है। रायसेन में 10 जून 2019 से दस्तक अभियान शुरू हो जाएगा जो 20 जुलाई 2019 तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान में  बच्चों की सम्पूर्ण जांच की जाएगी एवं बच्चों में एनीमिया की जांच होगी। उन्होंने बताया की घर घर जाकर आशा,एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकताओं की टीम द्वारा बनाई जाएगी एवं बच्चों की देखभाल कैसे करना है इसके लिए अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। जिससे समय रहते बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सके।