Loading...
अभी-अभी:

देवरी कलाः महाराजपुर में 99 लाख की लागत से आउटडोर स्टेडियम का भूमि पूजन

image

Oct 9, 2019

दीपक चौरसिया - विजयदशमी के पर्व पर महराजपुर के शांति नगर में 99 लाख की लागत से स्वीकृत आउटडोर स्टेडियम का भूमि पूजन कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने किया। इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री यादव ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार का जमकर गुणगान करते हुए भाजपा नेताओं पर प्रहार किए। कहा, भाजपा की 15 साल की सरकार में देवरी क्षेत्र की सबसे अधिक उपेक्षा हुई है। देवरी क्षेत्र विकास में पिछड़ा हुआ है और पिछले 5 वर्षों में विधायक रहते,  संघर्ष की बदौलत क्षेत्र के विकास के क्षेत्र में बहुत सारी सौगातें दिलाई हैं। जिसमें 6 महत्वपूर्ण सीमेंट रोड हैं जो बड़े कस्बों को जोड़ते हैं। कोई माई का लाल नहीं है जो इन 6 सड़कों में यह बता दे कि भ्रष्टाचार हुआ है। आज भी अच्छी सड़कें अच्छी स्थिति में हैं, जबकि बारिश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में बनी सड़कें भ्रष्टाचारी दानव के कारण टूट चुकी हैं।

गोपाल भार्गव पर तंज कसा, कमलनाथ सरकार की जम कर तारीफ

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के उस बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जिसमें देवरी क्षेत्र के विकास कार्यों की वीडियोग्राफी कराने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को बड़ी पीड़ा हुई है, उन्होंने एक वक्तव्य जारी किया है। जबकि वक्त का तकाजा है कि 15 वर्षों तक महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री रहने के बावजूद अपने क्षेत्र में गरीबी आवास की समस्या विधवा और विकलांग हितग्राहियों को पात्रता होने के बाद भी लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। यह बात 15 वर्ष के भाजपा के कुशासन को बतलाता है, जो घोषणाएं करती रही और घोषणाओं पर कभी अमल नहीं करती थी, लेकिन प्रदेश में कमलनाथ सरकार बनने के बाद लोगों का विश्वास कायम हुआ है। उन्होंने कहा कि जयंत मलैया और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कमलनाथ सरकार बनने के बाद कहते थे कि मध्यप्रदेश का खजाना खाली है। किसानों के कर्ज कैसे माफ होंगे और बिजली का बिल कैसे माफ होगा, लेकिन कमलनाथ ने मंत्री बनने के बाद किसानों के कर्ज माफ कर दिए हैं और बिजली बिल भी हाफ कर दिया है।

कमलनाथ सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध

उन्होंने कहा कि किसान अतिवृष्टि और बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है उड़द सोयाबीन और मक्का की फसल बर्बाद हो चुकी है। मैं किसानों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि कांग्रेस सरकार किसानों के हित में निर्णय लेगी और फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें मदद की जाएगी क्योंकि यह सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महाराजपुर क्षेत्र में खेल सुविधाओं का अभाव रहा है इसलिए यहां की प्रतिभाओं के लिए स्टेडियम के रूप में यह सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश में जितनी भी नौकरियां निकलेगी, उनमें प्रदेश के 70% युवाओं को अवसर प्रदान किया जाएगा। पहला हक प्रदेश के प्रतिभावान बेरोजगार युवाओं का है मध्य प्रदेश सरकार ने 72000 संविदा कर्मचारियों को नियमित किया है और 35000 शिक्षकों के ट्रांसफर में कोई भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। मध्यप्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि स्कूलों में शिक्षकों से शिक्षण कार्य के अलावा अन्य कार्य नहीं कराया जाएगा।

महाराजपुर में तेजी से विकास होने का दिया आश्वासन

महाराजपुर के साथ कई सालों से सौतेला व्यवहार हो रहा है लेकिन अब महाराजपुर में तेजी से विकास होगा जल्द ही उप मंडी खोली जाएगी तथा रेशम केंद्र भी खोला जाएगा। महाराजपुर क्षेत्र की छात्रों के लिए कॉलेज की मांग भी पूरी की जाएगी तथा महाराजपुर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत का दर्जा दिलाया जाएगा इसके साथ ही क्षेत्र के केसली गौरझामर बड़े कस्बों में नगर पंचायतों का दर्जा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बहुत से गरीबों के नाम गरीबी रेखा में नहीं है ऐसे गरीबों को गरीबी रेखा में शामिल किया जाएगा और साधन संपन्न लोगों के नाम काटे जाएंगे और रहली जैसी  स्थिति देवरी में निर्मित नहीं होने दी जाएगी। श्री यादव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने के बाद भी उन्हें पट्टे के अभाव में लाभ नहीं मिल पा रहा था ऐसे सभी हितग्राहियों को जल्द ही मुख्यमंत्री पट्टा योजना शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सरकार को 8 से 10 माह ही हुए हैं इस दौरान सरकार ने 200 वचन पूरे कर लिए हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में  ग्रामीण ,कांग्रेस कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद थे।