Jul 13, 2019
अमित निगम- यहां इंडस्ट्रीयल एरिया में रात को नकली घरेलू गैस पाईप बनाने की फैक्ट्री पर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस को यहां करोडों का माल का स्टॉक मिला। यह भी पता चला कि यहां से घरेलू गैस की नकली पाईप की सप्लाई देशभर में हो रही थी।
करोडों का माल देशभर में सप्लाई के लिये रखा मिला, लोगों की जान से खेल रहे थे फैक्ट्री वाले
मिली जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को खबर मिली थी जावरा में इंडस्ट्रीयल एरिया में एक फैक्ट्री पर नकली घरेलू गैस पाईप बनाए जा रहे है। इसके बाद पुलिस टीम रात को करीब 8 बजे यहां पहुंची ओर छापा मारते हुए जांच शुरू की। पड़ताल में पुलिस को जिस तरह से यहां माल मिला, उससे पुलिस के भी होश उड़ गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यहां नकली गैस पाईप बनाते हुए उन पर फर्जी तरीके से सुरक्षा का हवाला दिया जा रहा था और इसे देशभर में सप्लाई किया जा रहा था। फैक्ट्री से मिले रिकार्ड के अनुसार पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि जावरा से आसपास के जिलों में ही नहीं बल्कि दिल्ली मुंबई जैसे महानगरों में भी ये नकली गैस पाईप फर्जी तरीके से भेजे जा रहे थे और लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा था। मौके से पुलिस को ऐसी मशीनें भी मिली हैं जो यह गैस पाईप बनाती थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऐसे गैस पाईप असल में सरकार की निगरानी में ही बनते हैं और उस पर सरकार सब्सिडी भी देती है। ऐसी फैक्ट्री सरकार ने हिमाचल प्रदेश में लगवा रखी है।
तड़के चार बजे तक चली नकली गैस पाईप फैक्ट्री पर छापे की कार्यवाही
बहरहाल लोगों की जान से खेलने वाले इस फैक्ट्री के मालिक को जैसे ही यह खबर मिली वह जावरा से भाग निकला। पुलिस का कहना है कपिल पटेल नामक रपट रोड़ निवासी जिस व्यक्ति की यह फैक्ट्री है उसके एक रिश्तेदार को जो कि मैनेजर के रूप में यहां काम करता था, उसे हिरासत में ले लिया है और मालिक को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। तड़के चार बजे तक चलती रही नकली गैस पाईप फैक्ट्री पर छापे की कार्यवाही। इस बीच पुलिस ने यहां फैक्ट्री सील करते हुए गार्ड लगा दिए हैं और आज सुबह से वापस इसकी जांच और छानबीन शुरू कर दी है।