Jan 7, 2017
भोपाल। प्रदेश के हरदा, मांडू और अमरकंटक निकाय चुनावों के लिए 4 जनवरी को हुए मतदान का आज परिणाम आ गया। तीनों ही निकायों में भाजपा के प्रत्याशियों ने जबरदस्त जीत हासिल की है। हरदा नगर पालिका में अध्यक्ष पद पर भाजपा के सुरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज की। वहीं मांडू नगर परिषद में भाजपा की मालती गावर और अमरकंटक में भाजपा प्रत्याशी प्रभा पनारिया अध्यक्ष पद के लिए चुनी गईं।
धार जिले की मांडू नगर परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मालती गावर ने 457 मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की लक्ष्मीबाई भाभर को हराकर मांडू नगर परिषद अध्यक्ष पद भाजपा की झोली में डाल दिया है। भाजपा ने यहा जबरदस्त जीत दर्ज कर 15 वार्डों में से 12 पर अपना कब्जा जमा लिया है। वहीं कांग्रेस को केवल 3 वार्डो पर जीत हासिल हुई है। यहां 79.56 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। नगर परिषद अध्यक्ष के लिए 4 और 15 वार्डों के लिए 38 उम्मीदवार मैदान में थे। निर्दलीय तौर पर अध्यक्ष पद के लिए दो अन्य उम्मीदवार भी मैदान में थे। इस चुनाव में एक रोचक बात यह रही कि एक वार्ड में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को बराबर वोट हासिल होने पर गोटी डालकर फैसला करने का निर्णय लिया गया जिसमें भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई है।
हरदा में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र जैन ने कांग्रेस के हरिमोहन शर्मा से दुगने वोट हासिल किए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 12,990 वोटों से हराया। सुरेंद्र जैन को 27,858 वोट और हरिमोहन शर्मा को 14,868 वोट मिले। नगर पालिका के 35 वार्डो में से 30 पर भाजपा, 4 पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की है। यहां अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी और 35 वार्ड में पार्षद पद के लिए 105 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
अनूपपुर जिले की अमरकंटक नगर परिषद में भाजपा प्रत्याशी प्रभा पनारिया ने कांग्रेस की अंकेश्वरी सिंह को हराकर अध्यक्ष पद जीत लिया। नगर परिषद के 15 वार्डो में से भाजपा के 11 पार्षद प्रत्याशी विजय हुए जबकि कांग्रेस के तीन और एक निर्दलीय प्रत्याशी हनुमान दास ने जीत दर्ज की। यहां 78 प्रतिशत मतदान हुआ था। नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 4 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जबकि 15 वार्डों के पार्षद के लिए 46 उम्मीदवार ने किस्मत आजमाई।