Loading...
अभी-अभी:

Black Day/जबलपुर में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, भाजपा की नीतियों के खिलाफ की नारेबाजी

image

Jun 30, 2020

अरविंद दुबे : जबलपुर में कांग्रेस ने काला दिवस मनाया है। भारतीय जनता पार्टी सरकार के सौ दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने विरोध स्वरूप सिविक सेंटर में एक दिन का धरना देकर काला दिवस मनाया। सुबह बड़ी तादाद में सिविक सेंटर में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी के पदाधिकारी जमा हुए। बता दें कि, इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले रंग का मास्क पहना और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा ने धन बल के दम पर कमलनाथ को सत्ता से हटाया..
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि, भारतीय जनता पार्टी ने धन और बल के दम पर कमलनाथ सरकार को सत्ता से हटाया और सत्ता पर कब्जा कर लिया है। इस तरह से भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इन सौ दिनों में जनता को हो रही परेशानियों को गिनाया और बताया कि न केवल पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े, बल्कि खाने पीने की चीजों के दाम भी दोगुनी रफ्तार से बढ़ा दिये गये हैं, जिससे आम जनता बेहद परेशान हो रही है।

प्रदेश शासन से परेशान जनता
कोरोना संकट के दौरान लॉकडाउन तो किया गया लेकिन शराब की दुकानों को छूट दे दी गई। जिससे सामाजिक व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। तमाम विरोध के बावजूद भी भाजपा सरकार ने शराब की दुकानों पर पाबंदी नहीं लगाई है जिससे सामाजिक ताना-बाना बिखर रहा है। भाजपा सरकार सौ दिनों में मंत्रिमंडल का गठन पूरी तरह से नहीं कर पाई है। भाजपा विधायक मंत्री बनने के लिए आपस में खींचतान कर रहे हैं जिससे शासन व्यवस्था बुरी तरह चौपट हो गई है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है और अब जनता प्रदेश शासन से बेहद परेशान है।