Loading...
अभी-अभी:

चुनाव प्रचार थमते ही हंगामा, बीजेपी विधायक पर पैसे बांटने का आरोप

image

Feb 23, 2018

शिवपुरी। कोलारस विधानसभा उपचुनाव का चुनाव प्रचार थमा ही था, कि कांग्रेस प्रत्याशी के ग्रहग्राम खतोरा में हंगामा खड़ा हो गया। बीजेपी विधायक नरेश कुशवाह अपनी लग्जरी कार में रात करीब 8 बजे इंदार थाना की खतोरा चौकी इलाके में थे, इसी के बाद वहां कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र यादव और कुछ कार्यकर्ता पहुंचे और आरोप लगाया कि नरेश कुशवाह पैसे बांटने के लिए आए थे, और देखते ही देखते कार्यकर्ताओं ने कार में तोड़फोड़ कर दी ।

पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग...

पुलिस ने स्थिति बिगडते देख कांग्रेसियों पर हल्का बलप्रयोग कर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें प्रत्याशी महेंद्र यादव को चोटें आई । वहीं पुलिस ने प्रत्याशी, विधायक सहित करीब 1 सैंकड़ा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। क्योंकि 5 बजे के बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति का विधानसभा क्षेत्र में रुकना प्रतिबंधित हो गया था।

फिर शुरु हुआ कलेक्टर निवास पर धरना...

शिवपुरी में जैसे ही कांग्रेसियों को सूचना मिली वे बड़ी संख्या में कलेक्टर निवास पहुंचे और धरना शुरू कर दिया।  कुछ देर बाद वहां भाजपाई कार्यकर्ता भी पहुंच गए और दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

भाजपाई यहां अपने साथ सीताराम आदिवासी को भी लाए थे जिसने दोपहर में कांग्रेसी विधायक महेंद्र सिसोदिया पर धमकाने का आरोप लगाया था, जिस पर से पुलिस ने विधायक पर मामला दर्ज किया था।

कलेक्टर एसपी को हटाने की मांग...

रात करीब 1 बजे दोनों ही पार्टियों ने अपने आवेदन पुलिस को दिए और सभी कलेक्टर निवास से चले गए इसी बीच महेंद्र यादव को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां मेडिकल और प्राथमिक इलाज किया गया। वहीं सांसद सिंधिया और कमलनाथ दिल्ली में चुनाव आयुक्त से मिले और कलेक्टर एसपी को हटाने की मांग की। अब देखना होगा कि इस पूरे घटनाक्रम का पूरे चुनाव पर क्या असर पड़ता है।