Loading...
अभी-अभी:

होशंगाबाद जिले में बनेगा तितलियों का पार्क, सर्वे में शामिल हुए नेचुरलिस्ट

image

Nov 6, 2019

देवेंद्र कुशवाहा : सोहागपुर के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में तीन दिवसीय तितलियों का सर्वे किया गया है। यूं तो आपने कई सर्वे देखे और सुने होंगे परंतु तितलियों का सर्वे सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पहली बार आयोजित हुआ है।जिसमें कई राज्यों के नेचुरिलिस्ट शामिल हुए। रिटायर्ड फील्ड डायरेक्टर अनिल नागर ने बताया कि वर्तमान में तितलियों की संख्या निरंतर घटती जा रही जिनका संरक्षण बेहद जरूरी है। 

पूरे प्रदेश से नेचुरलिस्ट शामिल हुए
सतपुड़ा में नन्ही के नाम से एक बार पहले भी तितलियों का सर्वे कराया जा चुका है परंतु इस बार पूरे प्रदेश से नेचुरलिस्ट शामिल हुए। मढ़ई एसडीओ आरएस भदौरिया ने बताया कि मढ़ई, चूरना, धाई, बदकछार, पचमढ़ी, परसापानी, जमानिदेव आदि स्थानों पर तितलियों का सर्वे किया गया है।  

सतपुडा के विभिन्न स्थानों पर तितलियों का सर्वे
नेचुरिलिस्ट अर्जुन द निवासी कोलकाता ने बताया कि तितलियों के इस सर्वे में बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, इंदौर, सहित कई राज्यो से तितलियों के जानकार मढ़ई पहुंचे। जिन्होंने 8 टीमों में बनाकर सतपुडा के अलग अलग स्थानों पर तितलियों का सर्वे किया। मढ़ई से पचमढ़ी के बदकछार पहुंची सर्वे टीम में शामिल इंदौर की डॉक्टर पल्लवी गुप्ता ने बताया दो दिनों में उन्होंने अपने टीम के साथ 8 किलोमीटर के क्षेत्र में 40 से अधिक प्रजातियों कि तितलियों को देखा हैं। 

सतपुड़ा के जंगल में 16 तितलियों की नई प्रजाति
तितलियों के सर्वे पर निकली अलग अलग 8 टीमों ने सतपुडा में लगभग 100 से अधिक तितलियों की प्रजातियों को देखा हैं। इस बार सतपुड़ा के जंगल में 16 तितलियों की नई प्रजातियां देखने को मिली इससे पूर्व इन तितलियों को पुस्तक में शामिल नहीं किया था। सही आंकड़े पूरे सर्वे के डाटा कलेक्शन के बाद आएगा। तितलियों के सर्वे समापन दिवस पर सभी प्रतिभागियों नेचुरलिस्ट अधिकारियों ने सम्मानित भी किया। वहीं इस आयोजन में पहुंचे नगर नगरपालिका होशंगाबाद के अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल इस सर्वे को देखकर बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने बताया कि होशंगाबाद में उनके द्वारा 101 पार्कों का निर्माण अपने पंचवर्षीय में करवाया गया है जिसमें मूकबधिर लोगों के लिए भी पार्क है अब वह तितलियों के लिए भी भी शीघ्र ही पार्क निर्माण करवाएंगे और एक्सपर्ट्स को बाहर से बुलाकर विभिन्न प्रजातियों को इस पार्क में रखेंगे।