Loading...
अभी-अभी:

ट्रेड यूनियन की देशव्यापी हड़ताल, डिफेंस फैक्ट्रियों में काम करने वाले हजारों कर्मचारी हड़ताल पर

image

Jan 8, 2020

अरविंद दुबे : केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ ट्रेड यूनियन के द्वारा देशव्यापी हड़ताल का असर जबलपुर में साफ नजर आया है। जबलपुर में 5 डिफेंस फैक्ट्रियों में काम करने वाले हजारों कर्मचारी हड़ताल पर थे। हालांकि दो कर्मचारी यूनियन बीपीएमएस और इंटक हड़ताल में शामिल नहीं हुयी लेकिन इन दोनों यूनियनों के कर्मचारी नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पर्चे बांट कर विरोध जताया है। इधर बाकी यूनियन के पदाधिकारियों ने फैक्ट्रियों के गेट पर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार की रक्षा उत्पादन नीतियों का विरोध किया है।

डिफेंस फैक्ट्रियों में हथियार उत्पादन पर पड़ा बुरा असर
गन कैरिज फैक्ट्री, व्हीकल फैक्ट्री, आर्डीनेंस फैक्ट्री खमरिया, आर्मी बेस वर्क शॉप, ग्रे आयरन फाउंड्री के गेट के बाहर सुबह से ही कर्मचारी नेता जमा हो गए और उन्होंने कर्मचारियों को फैक्ट्री के अंदर जाने से रोका लेकिन कुछ कर्मचारी अंदर प्रवेश कर गए। इसी बीच मौके पर तैनात पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाला और काम करने के लिए फैक्ट्री के अंदर जाने वाले कर्मियों को सुरक्षा प्रदान की जिससे कुछ कर्मचारी अंदर पहुंच गए। हालांकि ज्यादातर कर्मचारी हड़ताल पर थे जिस वजह से डिफेंस फैक्ट्रियों में हथियार उत्पादन पर बुरा असर पड़ा है। 

आने वाले दिनों में हो सकता है बड़ा आंदोलन
डिफेंस फैक्ट्री कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का साफ कहना है कि केन्द्र सरकार की नीतियों की वजह से हथियारों का उत्पादन अब निजी हाथों में सौंपा जा रहा है जिससे फैक्ट्रियों में अब उत्पादन कम हो गया है और नयी भर्ती नहीं हो रही है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने नयी पेंशन स्कीम लागू कर कर्मचारियों के पेंशन लाभ मे कमी की है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। कर्मचारी नेताओ ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने कर्मचारी विरोधी नीतियों को बंद नहीं किया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।