Oct 4, 2025
जबलपुर में गोली मारने की अफवाह: मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की चोट का खुलासा
अरविंद दुबे जबलपुर : जबलपुर, 4 अक्टूबर 2025: कटंगी थाना क्षेत्र में सड़क पर घायल पड़ी एक महिला द्वारा गोली मारकर फेंके जाने का दावा गलत निकला। पुलिस जांच में पता चला कि बैतूल की रहने वाली यह महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसके साथ कोई गोलीबारी नहीं हुई।
पहले क्या था मामला
शनिवार सुबह जबलपुर-कटंगी मार्ग पर एक महिला घायल अवस्था में मिली थी। डायल 112 की पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला ने दावा किया था कि उसे गोली मारकर सड़क पर फेंक दिया गया। इस बयान से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की थी।
जांच में खुलासा
पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि महिला शहडोल के एक आश्रम गई थी, लेकिन लौटते समय परिवार से बिछड़ गई। कटंगी में गिरने से उसे मामूली चोटें आईं, जिसे उसने गोली लगने की गलत जानकारी दी। चिकित्सकों ने भी पुष्टि की कि महिला को केवल मामूली चोटें हैं, जिनका उपचार हो चुका है।
परिजनों को सौंपा गया
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जो कटंगी थाना पहुंच गए हैं। महिला को उनके सुपुर्द किया जा रहा है। एएसपी एसके शर्मा ने कहा, “महिला सुरक्षित है और परिजनों के पहुंचने पर उन्हें सौंप दी जाएगी।”