Loading...
अभी-अभी:

राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार कौन ? भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में आज होगा फैसला

image

Jun 19, 2017

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी भाजपा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गंठबंधन (एनडीए) के सहयोग और सभी विपक्षी दलों के साथ विचार-विमर्श का दौर पूरा कर लिया है। सोमवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला हो सकता है। 23 जून से पहले ही एनडीए के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी की घोषणा हो जायेगी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री और राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के चयन के लिए विपक्षी दलों के साथ सहमति बनाने के लिए बनी समिति के सदस्य वेंकैया नायडू ने कहा है कि 24 जून को प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। इससे पहले ही राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी जायेगी।

भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक से पहले सूत्रों ने बताया कि यह लगभग तय है कि किसी कुशल और अनुभवी राजनेता को ही देश के प्रथम नागरिक के पद पर बैठाया जायेगा। वेंकैया नायडू ने रविवार को ही कहा था कि सभी दलों के साथ बातचीत का दौर पूरा हो चुका है। अब संसदीय बोर्ड में संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होगी। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता राम विलास पासवान से मुलाकात के बाद नायडू ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी की घोषणा 23 जून से पहले कर दी जायेगी। वेंकैया नायडू ने कहा कि उन्होंने अब तक के घटनाक्रम से पासवान को अवगत करा दिया है। पासवान ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रपति चुनाव में वह सरकार के साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो भी फैसला लेंगे, उन्हें मान्य होगा।

पासवान से मुलाकात के बाद नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की. राजनाथ सिंह भी उस समिति के सदस्य हैं, जिसे राष्ट्रपति चुनाव में आम सहमति बनाने की जिम्मेवारी सौंपी गयी है। समिति के तीसरे सदस्य केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली हैं। पिछले दिनों राजनाथ सिंह अपने आवास पर गिर गये थे, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर आ गया. इसलिए नायडू ने उन्हें पूरी गतिविधियों की जानकारी दी। इससे पहले नायडू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को सहयोगी दलों के साथ-साथ विपक्षी दलों के साथ हुए विचार-विमर्श की विस्तार से जानकारी दी। ज्ञात हो कि नायडू ने समाजवादी पार्टी के सभी धड़ों से बात की. उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ अखिलेश यादव से भी इस विषय पर चर्चा की. रामगोपाल यादव और नरेश अग्रवाल से फोन पर बात की।