Aug 20, 2022
मुजफ्फरनगर में एक गांव प्रधान की एक दलित व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार करने की घटना सामने आयी है। ग्राम प्रधान ने दलित की जूतों से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 2 लोगों पर केस दर्ज किया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मामला करीब 15 दिन पुराना है।
क्या है पूरा मामला?
खबरों के मुताबिक छपार निवासी दलित दिनेश ने व्हाट्सएप पर रामपुर प्रधान शक्ति मोहन सिंह पर अनुचित टिप्पणी कर दी। इसकी भनक ग्राम प्रधान को लगने पर वो दिनेश से नाराज चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए रेत नंगला के पूर्व प्रधान और भाजपा नेता गजे सिंह ने प्रधान शक्ति सिंह और दिनेश को अपने घर बुलाया। इसके बाद नाराजगी जताते हुए प्रधान ने शक्ति सिंह की जूते से पिटाई कर दी। इसके बाद पूर्व प्रधान ने भी दिनेश की पिटाई कर उसे भगा दिया।
विधायक ने मामले को बताया गंभीर
रालोद के नेता और पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने इस घटना को गंभीर मामला बताया। उन्होंने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए ट्वीट कर पुलिस से आरोपियों पर उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "पहले राजस्थान और अब उत्तर प्रदेश मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला। दलित समाज पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द संज्ञान ले और कड़ी कार्रवाई करे।"
पहले भी हो चुकी ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुजफ्फरनगर से दलित उत्पीड़न की एक घटना सामने आ चुकी है। इसी साल फरवरी में मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान के पति और उसके रिश्तेदार ने एक दलित युवक की जूतों से पिटाई की थी। यही नहीं उन्होंने उसके गले में पट्टा बांधकर पूरे गांव में घुमाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।








