Aug 27, 2022
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय प्रवास के लिए लखनऊ पहुंचे। लखनऊ में उन्होंने LU के समाज कार्य विभाग के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जनसभा का संबोधन किया। संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि,"स्वतंत्रता सेनानी भारत को सशक्त, समृद्ध और स्वाभिमानी बनाना चाहते थे।" रक्षा मंत्री ने सीएम योगी की सराहना भी की साथ । इसके बाद वो हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। यहां वो 25 मिनट के लिए रुके थे। इस दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी उनके साथ उपस्थित थे।
स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण
लखनऊ यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने जन संबोधन के दौरान कहा,"मैं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी या जो जवान देश की रक्षा में शहीद हुए उनके संस्मरण के कार्यक्रमों में जाता हूं तो खुद को गौरवान्वित महसूस करता हूं।" अशफाक उल्लाह खां की शहादत को याद करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी दृढ़ इच्छा शक्ति के धनी थे। उन्होंने कहा,"आजादी तो हमको हासिल हो गई लेकिन स्वतंत्रता सेनानियों की हसरत सिर्फ यही नहीं थी। वो चाहते थे कि भारत सशक्त, समृद्ध और स्वाभिमानी बने। भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा, भारत को यदि कोई चोट करने की कोशिश करेगा तो उसे जवाब देगा।"
भारत अब मजबूत
रक्षा मंत्री ने कहा कि,"पिछले आठ वर्षों में भारत को लेकर दुनिया के दूसरे देशों की सोच बदली है। हमारी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बढ़ी है। मैं अलग-अलग देशों की यात्रा पर जाता हूं और लोगों से बात करता हूं। मैं महसूस करता हूं कि अब भारत को लेकर विश्व की सोच बदल रही है।" उन्होंने कहा कि, "पहले वैश्विक मंचों पर हमारी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जाता था पर अब जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया सुनती है और बहुत गंभीरता से सुनती है। यह आज के भारत की ताकत है।"
सीएम योगी की तारीफ
अपने भाषण में राजनाथ सिंह ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि,"उत्तर प्रदेश में हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जिस तरह से यहां विकास का कार्य किया और कानून-व्यवस्था बनाया है उसकी जितनी में प्रशंसा की जाए वह कम है।" इसके अलावा रक्षा मंत्री ने महंगाई को लेकर विपक्ष को जवाब भी दिया।








