Aug 30, 2022
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों में बुधवार को बारिश संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों में गरज के साथ बौछार की उम्मीद है। मौसम विभाग द्वारा कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई शहरों में मौसम साफ रहेगा राजधानी लखनऊ में आसमान साफ रहेगा और बारिश की उम्मीद कम है। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, और कानपुर में बारिश की संभावना है। प्रदेश के कई जिले इन दिनों गंगा-यमुना के बढ़े जलस्तर के कारण बाढ़ प्रभावित हैं।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर और बस्ती में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसके अलावा कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर और आस-पास के क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़ सकती हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
2.4 लाख लोग बाढ़ प्रभावित
प्रदेश के 22 जिले बाढ़ की चपाट में हैं। इससे करीब 2.4 लाख लोगों पर असर पड़ा है। 1079 गांव बाढ़ झेल रहे हैं और इनमें से 153 ऐसे हैं जिनसे संपर्क कट चुका है। उत्तर प्रदेश के 18 जिलों के 1,111 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और हजारों हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। बलिया में बाढ़ में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मणिकर्णिका घाट में शवदाह के निचले प्लेटफार्म बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं लिहाजा छत पर शव जलाए जा रहे हैं। वहीं, हरिश्चंद्र घाट की गलियों में शवदाह किया जा रहा है।








