Loading...
अभी-अभी:

बीजेपी में सिर्फ उसी का मूल्य है जो पार्टी के ज़मीनी कार्यकर्ता हैं : राकेश सिंह

image

May 11, 2018

प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष राकेश सिंह संभागीय पदाधिकारियों की बैठक लेने ग्वालियर पहुंचे। इस अवसर पर उनका शहर में जबरदस्त स्वागत किया गया। विधानसभा टिकट की उम्मीद लगा रहे कार्यकर्ताओं ने स्वागत में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन राकेश सिंह ने अपने भाषण में साफ कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी में उसी का मूल्य है जो पार्टी के ज़मीनी कार्यकर्ता हैं।

कांग्रेस हेलीकॉप्टर वाले नेताओं को दे रही नेतृत्व 
BJP के संभागीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर जमकर प्रहार किया, उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो हेलीकॉप्टर वाले नेताओं को नेतृत्व दे रही है जबकि बीजेपी में कार्यकर्ताओं के बीच से ही उनका अध्यक्ष निकल कर आता है। 

दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोला
राकेश सिंह ने अपने भाषण में पार्टी की रणनीति के बारे में भी बताया और कार्यकर्ताओं से कहा कि चौथी बार सरकार बनाना और भी आसान हो जाएगा यदि 2003 से पहले का मध्यप्रदेश लोगों को याद कराया जाए। अपने भाषण में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि किसान से लेकर पैदल चलने वाला आदमी भी परेशान था।

कांग्रेस विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में कर रही षड़यंत्र 
उन्होंने कांग्रेस पर यह आरोप लगाया कि वह विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में षड्यंत्र कर रही है और कांग्रेस केंद्र सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ लोगों में भ्रम फैला रही है जातिभेद का षड्यंत्र कर रही है। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयभान सिंह पवैया, माया सिंह और पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस पूरे कार्यक्रम में केवल सरकार कैसे बनाना है और कांग्रेस को कैसे हराना है इसी मुद्दे पर भाषण हुए। कार्यकर्ताओं को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने भी संबोधित किया।